हरियाणा के पंचकूला से खेलो इंडिया यूथ गेम्स की अमित शाह ने की शुरुआत
04-Jun-2022 11:42 PM 8488
पंचकूला/चंडीगढ़, 04 जून (AGENCY) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के पंचकूला में शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की उपस्थिति में खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 की शानदार शुरुआत की। सेना बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिरकत की। ताऊ देवी लाल खेल परिसर अगले दस दिनों तक पदक के लिए खिलाड़ियों के दम-खम का गवाह बनेगा। 2,262 लड़कियों सहित 4,700 से अधिक एथलीट पांच स्वदेशी खेलों सहित 25 स्पर्धाओं में यहां स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों के लिये कशमकश होगी। उद्घाटन समारोह के दौरान लोकप्रिय पंजाबी और हिंदी रैपर दिलिन नायर, जिन्हें रफ़्तार के नाम से जाना जाता है, शो-स्टॉपर के रूप में प्रदर्शन करते हुए दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम को मंत्रमुग्ध कर दिया। रफ़्तार ने खेलो इंडिया एंथम 'अब की बार हरियाणा' के अपने गायन के साथ शाम को जीवंत कर दिया। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लोकप्रिय शुभंकर विजय द टाइगर और जया द ब्लैकबक अखाड़े में नाचते हुए आए। हालांकि, सबसे जोरदार तालियां और जोश हरियाणा के अपने शुभंकर 'धाकड़ द बुल' ने बटोरीं। इसे ट्रैक्टर पर स्टेडियम में 'हम, हम, हम- खेलो इंडिया एंथम के साथ ले जाया गया। खेलो इंडिया गेम्स में पहली बार हरियाणा ने राज्यव्यापी मशाल रिले का भी आयोजन किया। विशेष रूप से डिजाइन किए गए कैंटर ने राज्य के सभी जिलों का दौरा किया और खेलों को बढ़ावा देने के लिये बच्चों को इनके प्रति प्रोत्साहित किया। खेलों की मशाल को स्टेडियम में प्रवेश करने के बाद प्रज्वलित किया गया जहां से इसे 25 दिन पहले झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। इस दौरान एथलीटों ने खेल के नियमों और निष्पक्ष खेल की भावना से सम्मान और पालन करने के लिए ओलम्पिक शैली की शपथ ली। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, बिजली मंत्री रणजीत सिंह, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल, सहकारिता मंत्री डॉ बनवारी लाल, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कमल गुप्ता, सांसद रतनलाल कटारिया, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगवा , सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री ओम प्रकाश यादव, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, खेल एवं युवा मामले राज्यमंत्री सरदार संदीप सिंह, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, मुख्य सचिव संजीव कौशल और सचिव, खेल विभाग, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^