हरियाणा सड़क हादसा: मोदी और शाह ने बच्चों की मौत पर जताया दुख
11-Apr-2024 06:59 PM 1275
नयी दिल्ली,11 अप्रैल (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने गुरुवार को हरियाणा में सड़क दुर्घटना में छह स्कूली बच्चों की मौत और 20 अन्य के घायल होने पर गहरा दुख व्यक्त किया। श्री मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, “हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।” श्री शाह ने कहा, “हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुई स्कूल बस दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं मृत बच्चों के शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। भगवान उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दे। घायल बच्चों को स्थानीय प्रशासन की ओर से सहायता मुहैया करायी जा रही है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।” श्री दत्तात्रेय ने घटना पर अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “मैं नारनौल में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में बहुमूल्य जिंदगियों की हानि से बहुत दुखी हूं। दिवंगत आत्माओं को शाश्वत शांति मिले! मेरी हार्दिक संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।’’ राज्यपाल ने ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घटना पर दुख जताया है। श्री सैनी ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में कहा “मेरी सहानुभूति उन दुःखी परिवारों के साथ है जिन्होंने अपने बच्चों को खो दिया है। स्थानीय प्रशासन घायलों की मदद के लिए मौजूद है। मैं घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।” गौरतलब है कि हरियाणा में महेंद्रगढ़ के कनीना इलाके में आज जीएल पब्लिक स्कूल की बस के पेड़ से टकरा जाने से छह बच्चों की मौत हो गयी और 20 अन्य घायल हो गये। पुलिस सूत्रों के मुताबिक स्कूल में आज सार्वजनिक अवकाश था, लेकिन यहां एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। बच्चों को लेने के लिए बस भेजी गयी थी जिसमें करीब 35-40 बच्चे सवार थे। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गयी। हादसे में छह बच्चों की मौत हो गयी जबकि 20 अन्य घायल हुए हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^