हरियाणा से पानी नहीं छोड़ने से लगातार गिर रहा यमुना का जल स्तर: आतिशी
28-May-2024 10:04 PM 5576
नयी दिल्ली, 28 मई (संवाददाता) दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने कहा कि हरियाणा सरकार की ओर से दिल्ली के हिस्से का पानी रोकने की वजह से यमुना का जल स्तर लगातार घट रहा है। सुश्री आतिशी ने मंगलवार को जल संकट से बचने के लिए दिल्लीवासियों से कुछ एहतियात बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि सबको पता है कि दिल्ली अपनी पानी की आपूर्ति के लिए यमुना नदी पर निर्भर है। यमुना में कितना पानी आता है, यह हरियाणा पर निर्भर करता है। हरियाणा जितना पानी छोड़ेगा, उतना यमुना में आएगा। जब से मई का महीना शुरू हुआ है, हरियाणा ने यमुना में पानी छोड़ना बंद कर दिया है। एक मई से लगातार यमुना का जल स्तर गिर रहा है। एक मई को यमुना जल स्तर 674.5 फीट था। यमुना का जल स्तर औसतन 674.5 फीट लगातार बनाए रखना होता है। अगर हम 2023 के अप्रैल, मई और जून महीने में देखे तो वजीराबाद में 674.5 फीट का जल स्तर हमेशा बना रहा लेकिन इस साल एक मई से ही हरियाणा ने दिल्ली को अपने हिस्से का पानी देना कम कर दिया है और यमुना का जल स्तर लगातार गिर रहा है। उन्होंने बताया कि एक मई को यमुना का जल स्तर वजीराबाद पर 674.5 फीट था जबकि एक सप्ताह में आठ मई तक जल स्तर गिरकर 672 फीट पर आ गया। पानी का स्तर लगातार गिरता रहा और 20 मई को जल स्तर 671 फीट पर आ गया, जबकि 24 मई तक जल स्तर 670.2 फीट पर आ गया और 28 मई को जल स्तर 669.8 फीट पर आ गया है। सुश्री आतिशी ने कहा कि जिन इलाकों में दिन में दो बार पानी आ रहा है, वहां पर एक बार का पानी काटने से लोगों को परेशानी होगी, लेकिन सभी दिल्लीवासियों से अपील है कि हम सब केवल अपने बारे में न सोचें, बल्कि सभी दिल्लीवालों के बारे में सोचें। चाहे आपके इलाके में पानी की समस्या हो या न हो, लेकिन आप पानी का इस्तेमाल बहुत तर्क संगत करें। अपनी गाड़ियों को खुली पाइप से न धोएं, कहीं पर पानी की सप्लाई का इस्तेमाल गाड़ियां धोने में न करें।जितना संभव हो सके, घर में इस्तेमाल होने वाले पानी बर्बाद होने को बचाएं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^