हरियाणा त्याग, बलिदान की धरती है:शाह
27-Sep-2024 07:03 PM 6740
चंडीगढ़, 27 सितंबर (संवाददाता) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को हरियाणा के रेवाड़ी में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में कहा कि हरियाणा की धरती त्याग, बलिदान, शौर्य, ज्ञान, आध्यात्म और गीता की धरती है। उन्होंने कहा कि यदि आज देश की सीमायें सुरक्षित हैं तो इसमें हरियाणा की माताओं का अहम योगदान है, जो हरियाणा का हर दसवां सैनिक सेना में सेवा करने के लिये भेजती हैं। श्री शाह ने जनसभा में याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव के प्रचार की शुरुआत हरियाणा से ही की थी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी से लेकर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी तक कांग्रेस सरकार ने 40 सालों तक हरियाणा के सैनिकों की ‘वन रैंक वन पेंशन’ की मांग को पूरा नहीं किया, लेकिन श्री मोदी ने 2015 में वन रैंक वन पेंशन की मांग को पूरा कर दिया। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुये कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सेना का अपमान किया है। कांग्रेस ही सेना अध्यक्ष को गुंडा कहने का दुस्साहस कर सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आजकल यह भ्रांति फैली रही है कि अग्निवीर बनकर सेना से वापस आये युवाओं को उनके हाल पर छोड़ दिया जायेगा, लेकिन आज वह वादा करके जाते हैं कि हरियाणा में हर अग्निवीर जवान को पेंशन वाली नौकरी दी जायेगी। केन्द्र सरकार और हरियाणा सरकार मिलकर हरियाणा के सभी अग्निवीरों को पक्की पेंशन वाली सरकारी नौकरी देंगी। श्री शाह ने रेवाड़ी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी लक्ष्मण यादव, बावल से डॉक्टर कृष्ण कुमार और कोसली से अनिल यादव के पक्ष में कमल के फूल को वोट डालने की अपील की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडोली, केंद्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह और जिला भाजपा अध्यक्ष डॉक्टर वंदना भी मौजूद थीं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^