हिमाचल में मौसम खेल रहा आंख मिचौली
21-May-2022 07:17 PM 8777
शिमला, 21 मई (AGENCY) हिमाचल प्रदेश में मौसम लोगों के साथ आंख मिचौली खेल रहा है। कभी तपती गर्मी तो कभी अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि से बार-बार मौसम का मिजाज बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में एक बार फिर अंधड़ और हल्की बारिश हुई। उधर मौसम विभाग ने भारी बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 22 मई से प्रदेश में एक और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आएगा। विभाग ने 22 मई को प्रदेश के मैदानी, मध्य और उच्च पर्वतीय भागों के लिए बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 23 मई के लिए कई भागों में भारी बारिश,ओलावृष्टि और अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मध्य पर्वतीय अधिकतर क्षेत्रों में बारिश की सम्भावना जताई गई है। 24 मई को कुछ भागों में बारिश हो सकती है। जबकि 25 मई को उच्च पर्वतीय भागों में मौसम साफ रहेगा, जबकि मैदानी और मध्य पर्वतीय एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। राज्य आज अधिकतम तापमान उना में 41.0 डिग्री, शिमला 27.8, सुंदरनगर 35.5, भुंतर 31.5, कल्पा 20.4, धर्मशाला 34.0, नाहन 38.0, केलांग 14.1, सोलन 35.0, मनाली 24.6, कांगड़ा 37.1, मंडी 33.6, बिलासपुर 38.5, हमीरपुर 37.0, चम्बा 32.8, डलहौजी 23.9, कुफरी 21.0 और जुब्बड हट्टी 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^