हिन्द महासागर क्षेत्र में अहम सुरक्षा भागीदार है भारतीय नौसेना: कोविंद
25-Mar-2022 10:28 PM 3359
जामनगर/नयी दिल्ली, 25 मार्च (AGENCY) राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शुक्रवार को कहा कि युद्ध की किसी भी परिस्थिति के लिए तैयार भारतीय नौसेना विश्वसनीय और एकजुट बल के रूप में उभरी है और हिंद महासागर क्षेत्र में उसकी अहम सुरक्षा भागीदारी है। श्री कोविंद ने आईएनएस वलसुरा को प्रतिष्ठित प्रेसीडेंट कलर प्रदान किया। प्रेसीडेंट कलर एक सैन्य इकाई को शांति और युद्ध दोनों में राष्ट्र को प्रदान की गई असाधारण सेवा के सम्मान में दिया जाता है। उन्होंने कहा,'यह बहुत गर्व की बात है कि यह संकल्प और दृढ़ता के साथ हमारे व्यापक समुद्री हितों की रक्षा के लिए लगातार विकसित हुआ है।' परेड के दौरान 'निशान अधिकारी' लेफ्टिनेंट अरुण सिंह संब्याल ने यूनिट की ओर से प्रेसीडेंट कलर ग्रहण किया। यूनिट ने सर्वोच्च कमांडर के लिए 150 पुरुष गार्ड ऑफ ऑनर परेड की। आईएनएस वलसुरा के 800 से अधिक अधिकारियों और जवानों ने अपने नौसेना बैंड की धुन पर मार्च किया। श्री कोविंद ने कहा कि भारतीय नौसेना दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य योजनाओं को ध्यान में रखते हुए और मिशनों की विस्तारित सीमा को पूरा करने की दिशा में लगातार अपनी ताकत बढ़ा रही है। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आईएनएस वलसुरा जहाजों और पनडुब्बियों पर लगे भारी हथियारों, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी उपकरणों की लड़ाकू योग्यता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और नाविकों को जरूरत से ज्यादा आवश्यक कौशल से लैस रखेगा। राष्ट्रपति ने कहा कि आईएनएस वलसुरा को द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान रॉयल इंडियन नेवी की क्षमता बढ़ाने के लिए टॉरपीडो ट्रेनिंग स्कूल के रूप में शामिल किया गया था लेकिन पिछले 79 वर्षों में यह एक प्रमुख तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान में बदल गया है। इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार, फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, दक्षिणी नौसेना कमान के वाइस एडमिरल एमए हम्पीहोली सहित अन्य वरिष्ठ नागरिक और सैन्य अधिकारी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^