04-Sep-2021 08:57 PM
2553
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार भाजपा मुख्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि अगर होर्डिंग-पोस्टर के चक्कर में रहोगे तो कोई भटे के भाव नहीं पूछेगा। अब स्वागत का दौर समाप्त हो गया है। काम का दौर शुरू हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का क्रेडिट लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के प्रचार की जिम्मेदारी संभालें।
शिवराज ने कहा, ‘सरकार के काम मैं आपके हाथों में सौप रहा हूं। अकेले हम नहीं करेंगे, आप संभालिए। सरकार और संगठन मिलकर करेंगे। अपनी सरकार है, काहे का डरना।’ सीएम ने मोर्चा और प्रकोष्ठों को पंचायत स्तर पर टीम खड़ी करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंचायत की जिम्मेदारी हम संभाल लें, तो कोई हमें हरा नहीं सकता। इस कारण सबसे पहले पंचायत तक पहुंचें।
मुख्यमंत्री ने मोर्चा और प्रकोष्ठों की टीम गठन की लेटलतीफी का जिक्र किया। उन्होंने कहा- इस काम को तेजी से किया जाए। कल पर कोई काम नहीं छोड़ सकते। कई बार गठन करते-करते टाइम ही निकल जाए और चुनाव आ जाए। सीएम ने महिला मोर्चा से कहा कि 14 सितंबर को महिला मोर्चा सेल्फ हेल्प ग्रुप की पंचायत होगी। महिला स्व सहायता समूह की बड़ी ताकत खड़ी हो रही है।
मोर्चा प्रकोष्ठ से लोगों को जोड़ें
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भाजपा सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। पार्टी विथ डिफरेंस के लिए हम अन्य दलों से अलग है। मोर्चा प्रकोष्ठ का गठन इसलिए है, क्योंकि कई बार लोग सीधे बीजेपी से नहीं जुड़ पाते हैं। इस तरह वे मोर्चा-प्रकोष्ठ के जरिए भाजपा से जुड़ सकते हैं। शर्मा ने कहा कि सभी समाज का प्रतिनिधित्व बीजेपी में होना चाहिए। अल्प संख्यक समुदायक के बीच भी काम करना चाहते हैं।
वीडी शर्मा ने मोर्चा-अध्यक्षों से कहा कि 30 सितंबर तक मोर्चा के जिला अध्यक्ष बनना है। उन्होंने उप चुनाव पर कहा कि हम इतनी बड़ी ताकत से मैदान में उतर जाए तो उप चुनाव नहीं हारेंगे। इस ताकत को मैदान में उतारने की जरूरत हैं। बैठक के बाद शर्मा ने मीडिया से कहा कि चुनावों में मोर्चा प्रकोष्ठ की क्या भूमिका है? किसका क्या रोल होगा? चाहे वो उपचुनाव हो या नगरीय निकाय चुनाव, उनकी तैयारी के साथ संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर बैठक में चर्चा करने की बात कही। मोर्चा प्रकोष्ठ साल भर की योजना भी तैयार कर रहे हैं।
सितंबर में शाह का दौरा प्रस्तावित
शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जबलपुर में दौरा प्रस्तावित है। इसकी सैंद्धांतिक अनुमति मिली है। उन्होंने बताया कि वह क्रांतिकारी शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। जानकारी के अनुसार गृहमंत्री 18 सितंबर को जबलपुर कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
shivraj..///..if-you-stay-in-the-circle-of-hoarding-posters-the-advice-of-shivraj-then-no-one-will-ask-for-the-price-of-bhat-315392