इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड से नवाजे गए लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव
19-Jul-2022 10:28 PM 3492
पटना 19 जुलाई (AGENCY) शहनाई वादक भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां पर लंबे समय तक कार्य करने और शोधपरक हिंदी पुस्तक लिखने के लिए लेखक मुरली मनोहर श्रीवास्तव को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड-2022 से नवाजा गया है। श्री मुरली ने इस पुस्तक को उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के जीवनकाल में ही लिख दिया था लेकिन यह उस समय प्रकाशित नहीं हो सकी। हलांकि उस्ताद की दिली ख्वाहिश थी कि उनकी जीवनी हिंदी में प्रकाशित हो इसलिए श्री मुरली ने बिस्मिल्लाह खां साहब के सानिध्य में रहकर इस पुस्तक की रचना की थी। वर्ष 2008 में लेखक मुरली की पुस्तक प्रकाशित हुई और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 15 नवंबर 2009 को इसका विमोचन किया था। बिहार में बक्सर जिले के डुमरांव के एक साधारण परिवार में मुरली मनोहर श्रीवास्तव का जन्म हुआ था। विज्ञान के विद्यार्थी और साहित्य से अनुराग रखने वाले मुरली ने जीवन में काफी संघर्ष किया। अपने गांव से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले मुरली ने लाख मुश्किलों के बाद भी कभी मेहनत और लेखनी से मुंह नहीं मोड़ा। अपनी लेखनी का श्रेय अपने पिता डॉ.शशि भूषण श्रीवास्तव को देते हैं। उन्होंने कहा कि अपने पिता को अपने बाल्यकाल में ही फिल्म बनाते हुए और कहानियों की रचना करते देखा था, वहीं से इनको प्रेरणा मिली, पिताजी ने काफी प्रोत्साहित किया। उनके पिताजी बिस्मिल्लाह खां साहब को जिले की पहली फिल्म ‘बाजे शहनाई हमार अंगना’ (भोजपुरी) के लिए उस्ताद की जन्मस्थली फिल्म के मुहुर्त के सिलसिले में डुमरांव लेकर आए थे। उस वक्त भले ही उनकी जीवनी लिखने की सोच नहीं रही हो लेकिन आगे चलकर उस्ताद के ऊपर शोधपरक पुस्तक लिखने का ही नतीजा है कि श्री मुरली मनोहर श्रीवास्तव को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड से सम्मानित किया गया है। श्री मुरली ने बिस्मिल्लाह खां पर पुस्तक के अलावा दो डॉक्यूमेंट्री बनायी एक सफर-ए-बिस्मिल्लाह और दूसरी दूरदर्शन के लिए। साथ ही उस्ताद पर शोधपरक काम करने की वजह से पूरी दुनिया में बिस्मिल्लाह खां के साथ श्री मुरली का नाम जोड़ा जाता है। उस्ताद के सानिध्य में आकर श्री मुरली नवरात्रि, छठ के अलावा पिछले 24 सालों से रोजा रखते भी आ रहे हैं। श्री मुरली मनोहर श्रीवास्तव को डॉक्टरेट की मानद उपाधि के लिए ब्रिटेन में नामित किया गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^