जदयू ने कुढ़नी में अतिपिछड़ों का किया अपमान, पूरा समाज भाजपा के साथ : सुशील
24-Nov-2022 08:56 PM 8437
पटना 24 नवंबर (संवाददाता) बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) पर कुढ़नी विधानसभा उपचुनाव में अतिपिछड़ा समाज का टिकट काटकर अपमान करने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भाजपा ने इसी समाज के केदार गुप्ता को उम्मीदवार बना कर अतिपिछड़ों को सम्मान दिया। श्री मोदी ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि जदयू अनिल सहनी की सदस्यता रद्द होने पर इसी समाज के किसी अन्य व्यक्ति को टिकट दे सकता था लेकिन उसने अपनी अतिपिछड़ा-विरोधी मानसिकता जाहिर कर दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में जब श्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव मिल कर भाजपा के खिलाफ चुनाव में उतरे थे तब श्री केदार गुप्ता ने महागठबंधन के मनोज सिंह को 12 हजार वोट से हराया था। वर्ष 2020 के चुनाव में यहां भाजपा मात्र 700 वोट से चूक गई। भाजपा सांसद ने कहा कि भूमिहार समाज पूरी तरह भाजपा के साथ है और वह वोट बर्बाद नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सबको साथ लेकर चलने वाली भाजपा का वोट काटने के लिए लालू-नीतीश के इशारे पर मुकेश सहनी की पार्टी ने अपना उम्मीदवार उतारा है। श्री मोदी ने दावा किया कि जिस तरह से मोकामा और गोपालगंज उपचुनाव में अतिपिछड़ों ने एकजुट होकर भाजपा को वोट दिया, उसी तरह कुढ़नी में भी पार्टी को व्यापक समर्थन मिलेगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^