जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा में लाने के लिए सभी मिल कर करें कार्य - मिश्र
24-Apr-2022 09:50 PM 6752
जयपुर, 24 अप्रैल (AGENCY) राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा है कि जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा में लाने और इनके समग्र विकास को दृष्टिगत रखते हुए सभी को मिल कर कार्य करना होगा। श्री मिश्र आज बांसवाड़ा में आयोजित स्काउट-गाइड राष्ट्रीय जनजाति महोत्सव में यहां राजभवन से ऑनलाइन सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के तौर पर जनजातीय कल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनजातीय समुदाय ने आजादी के आंदोलन में जो भूमिका निभाई, उसे कभी कोई भुला नहीं सकता। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदाय भारतीय संस्कृति की जड़ों से जुड़ा हुआ है। इसे देखते हुए कला, संस्कृति और शिल्प वैभव से जुड़े जनजातीय समुदाय के कार्यों और परम्पराओं का व्यापक स्तर पर संरक्षण जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजभवन द्वारा आदिवासी क्षेत्रों में विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निरंतर मॉनिटरिंग की जाती है। श्री मिश्र ने कहा कि जनजातीय समुदाय के उत्थान और उनके सर्वांगीण विकास की सामूहिक सोच के साथ देश में 15 नवम्बर, 2021 को ‘‘जनजाति गौरव दिवस’’ घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि जनजातियों के सशक्तिकरण के लिए देशभर में की जा रही पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं परन्तु अभी इस दिशा में और अधिक प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की सोच के साथ भारत स्काउट और गाइड संगठन ने विश्व भर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड संगठन से जुड़े छात्र-छात्राएं धर्म, जाति, संप्रदाय, रूप-रंग और लिंग भेद से ऊपर उठकर मानव मात्र की सेवा को ही अपना परम ध्येय मानकर कार्य करते हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^