जयललिता के वेद निलयम पर उनकी भतीजी, भतीजा का स्वामित्व
10-Dec-2021 08:24 PM 1414
चेन्नई, 10 दिसंबर(AGENCY) मद्रास उच्च न्यायालय द्वारा तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता के पोएस गार्डन स्थित आवास 'वेद निलयम' को स्मारक में बदलने के लिये अन्नाद्रमुक सरकार के पिछले आदेश को रद्द करने के कुछ दिनों बाद दिवंगत मुख्यमंत्री की भतीजी और भतीजे ने शुक्रवार को इस परिसर पर स्वामित्व हासिल कर लिया। पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता के कानूनी वारिसों भतीजी जे दीपा और उनके भाई जे दीपक ने अलग-अलग याचिका दायर किया था। चेन्नई जिलाधिकारी सुश्री विजया रानी ने अदालत के आदेशानुसार 24,322 वर्ग फीट के बंगले की चाबी उन्हें सौंप दी। इस बंगले का दरवाजा पांच साल बाद उनकी भतीजी सुश्री दीपा और भतीजे श्री दीपक ने खोले। यह बंगला पांच दिसंबर 2016 को जयललिता को अस्पताल में भर्ती होने के 75 दिन बाद बंद कर दिया गया था। सुश्री दीपा और श्री दीपक ने अंदर प्रवेश करने के बाद सबसे पहले दिवंगत जयललिता की तस्वीर पर माल्यार्पण किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। सुश्री दीपा ने पत्रकारों से बात करते हुये बताया उन्होंने और उनके भाई ने वेद निलयम में रहने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि जीवन में ऐसी महत्वपूर्ण मोड़ आयेगी। सुश्री दीपा ने कहा बंगले को पुनः प्राप्त करने के लिये काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने बताया कि चाबी मिलने के बाद अब सुश्री जयललिता की आत्मा को शांति मिलेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^