झारखंड राज्य में जातीय,भाषाई उन्माद फैलाकर मूल मुद्दों से भटकाने की कोशिश कर रही हेमंत सरकार :रवींद्र राय
31-Jan-2022 06:24 PM 4911
रांची, 31 जनवरी (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी के पूर्व झारखंड प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ रविन्द्र कुमार राय ने आज हेमंत सरकार की कड़ी आलोचना की। डॉ राय ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कल रांची से धनबाद जाने के क्रम में बोकारो के पास कतिपय अराजक तत्वों ने उनकी गाड़ी पर हमला बोलते हुए शीशा तोड़े थे,चालक की पिटाई की थी,अंग रक्षकों के साथ भी दुर्व्यवहार किया। डॉ राय ने राज्य की अराजक स्थिति पर राज्य सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि झारखंड मे जातीय,भाषाई उन्माद फैलाकर राज्य सरकार जनता को मूल मुद्दों से भटकाना चाहती है,अपनी विफलताओं को छुपाना चाहती है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की दोमुंही नीति के कारण आज प्रदेश में राज्य गठन के पूर्व की स्थिति बनती दिख रही है। आज दंगाई ,उग्रवादी सामने आ गए,दंगाई ताकतवर हो गए।कहा कि आज राज्य में अपराधी बेकसूर और अधिकारी मजबूर दिखाई पड़ रहे।उन्होंने कहा कि एक तरफ राज्य सरकार मोब्लिंचिंग पर कानून बनाने की बात करती है दूसरी ओर पूरे प्रदेश में मोब्लिंचिंग जैसे दृश्य रोज उत्पन्न किये जा रहे । अपराधी धड़ल्ले कानून को हाथ मे ले रहे। उन्होंने कहा कि आज अपराधी स्वतंत्रता पूर्वक घटनाओं को अंजाम दे रहे जिसके लिये खुद राज्य सरकार जिम्मेवार है। यह सरकार चाहती है कि राज्य में ऐसी स्थिति बनी रहे। कानून व्यवस्था की दृष्टि से राज्य के हालात अनाथ जैसा हो गया है। पूरे राज्य में भय का वातावरण है। लोगों को अब यात्रा करने के पहले सोचने को मजबूर होना पड़ेगा।कहा कि विशेषकर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा। डॉ राय ने कहा कि राज्य सरकार खुद भाषा विवाद बढ़ाने का कार्य कर रही है। सरकार के मंत्री और सत्ता पक्ष के विधायक ही पक्ष विपक्ष में बयान देकर राजनीतिक रोटी सेंकने की कोशिश कर रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आखिर चुप क्यों हैं। सरकार को तो जिम्मेवारी तय करनी चाहिये।कहा कि आज राज्य सरकार और न्यायालय के बीच विवाद बढ़ रहे हैं। प्रदेश आज स्पष्ट नीति विहीन और असमंजस की स्थिति में पहुंच गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^