कांग्रेस और इंडी गठबंधन देश और प्रदेश का भला नहीं कर सकता: शिवराज
20-Oct-2023 08:52 PM 7944
विदिशा, 20 अक्टूबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों ने इंडी गठबंधन बनाया है। इंडी गठबंधन और कांग्रेस न तो देश का विकास कर सकती है और न ही मध्यप्रदेश का। श्री चौहान ने यह बात जिले की सिरोंज विधानसभा के लटेरी में पार्टी प्रत्याशी उमाकांत शर्मा के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कही। जनसभा के पहले श्री चौहान ने सलकनपुर में माता रानी के दर्शन कर प्रदेश की जनता के सुख-समृद्धि एवं मंगल व कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडी गठबंधन का ये हाल हुआ है कि, एक दिल के टुकड़े हजार हुए एक यहां गिरा एक वहां गिरा। उन्होंने ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी की लोकप्रियता से घबराकर ये बेमेल गठबंधन बना था, जो बनने से पहले ही टूट रहा है। यह अजीब गठबंधन है, दिल्ली में दोस्ती और राज्यों में कुश्ती। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव कह रहें हैं कि कांग्रेस ने उन्हें और समाजवादी पार्टी को धोखा दिया है। श्री यादव जिन अपशब्दों का प्रयोग कर रहें हैं इससे उनके मन की स्थिति समझी जा सकती है। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस आपस में भी धोखा दे रही है। कुछ टिकट श्री कमलनाथ ले गए, कुछ श्री दिग्विजय ले गए और बाकी सब हाथ मलते रह गए। ये अपने पुत्रों को स्थापित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में इतने साल कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन एक धेला नहीं दिया। उलटा जितनी योजना भाजपा सरकार ने बनाई सब बंद कर दी थी। संबल योजना कांग्रेस ने बंद कर दी थी। बेटे-बेटी के जन्म से पहले 4000 और जन्म के बाद 12000 देते थे वो योजना और बेटियों की शादी कांग्रेस ने बंद कर दी, शादी तो करवा दी लेकिन बेटियों को पैसा ही नहीं दिया। उन्होंने कहा कि ये इंडी गठबंधन और कांग्रेस आपका भला नहीं कर सकती है। भला करने वाली पार्टी एक ही है भारतीय जनता पार्टी और देश का नेता एक ही है नरेन्द्र मोदी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश में विकास की गंगा बहाई है। अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं चलाकर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया है। इस दौरान श्री चौहान ने जनसमुदाय से फिर से मध्यप्रदेश में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^