कांग्रेस के चरित्र में ही वादाखिलाफी: भजनलाल
06-May-2024 11:26 PM 8401
सिकंदराबाद, 06 मई (संवाददाता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तेलंगाना में लोगों से वादाखिलाफी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इसने यहां विधानसभा चुनाव के दौरान छह ’गारंटियों’ को सौ दिनों में पूरा करने का वादा किया था लेकिन सत्ता में आने के बाद यह अपने वादों से पीछे हट गई और जनता को कोई राहत नहीं मिली। श्री शर्मा सोमवार को तेलंगाना के सिकंदराबाद में केन्द्रीय पर्यटन मंत्री एवं लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)प्रत्याशी जी किशन रेड्डी के समर्थन में आयोजित प्रवासी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में भी किसानों से कर्ज माफी का वादा किया था लेकिन पूरा कभी नहीं किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के चरित्र में केवल छल-कपट और झूठ है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऐसे अभूतपूर्व फैसले लिए हैं जो कांग्रेस सपने में भी नहीं सोच सकती है। कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाना हो या अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य-दिव्य-नव्य मंदिर का निर्माण, ये केवल मोदीजी के नेतृत्व में ही हो सकता है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में आज भारत अर्थव्यवस्था विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। 2027 तक हम विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलंगाना में सरकार बदली है, कार्यशैली नहीं। पहले यहां बीआरएस ने राज्य के लोगों के हितों पर कुठाराघात किया। अब यहां कांग्रेस वादाखिलाफी कर जनता को छलने का काम कर रही है। पर जनता कांग्रेस के प्रपंच को समझ गई है और तेलंगाना की प्रगति के लिए भाजपा के महत्व को भी समझ गई हैं। यहां प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में भाजपा को अपार समर्थन मिल रहा है। तेलंगाना का राजस्थानी समाज भी कंधे से कंधा मिलाकर बीजेपी को सशक्त कर रहा है। इन लोकसभा चुनावों में जनता के भरपूर आर्शीवाद से श्री मोदी प्रचण्ड बहुमत के साथ फिर से प्रधानमंत्री पद पर हैट्रिक लगाएंगे। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के मार्गदर्शन में राजस्थान की डबल इंजन की सरकार लोक कल्याणकारी राज्य की परिकल्पना को त्वरित गति से साकार कर रही है। हमारी सरकार ने महज तीन महीनों में ऐसे फैसले लिए हैं, जिनका इंतजार हमारा प्रदेश दशकों से कर रहा था। पूर्वी राजस्थान के 21 जिलों की लाइफलाइन पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) परियोजना का क्रियान्वयन और यमुना जल समझौते पर एमओयू कर शेखावाटी अंचल को जल की आपूर्ति उपलब्ध करवाना, ये सब मोदी जी गारंटी में ही संभव है। उन्होंने कहा कि खनन एवं नकल माफिया और संगठित अपराध पर सख्त कार्रवाई करते हुए राजस्थान ने सुशासन का एक मॉडल स्थापित किया है। श्री शर्मा ने प्रवासी राजस्थानियों से सिकंदराबाद लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी जी किशन रेड्डी के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने का आह्वान किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^