कांग्रेस की सिवनी घटना की न्यायिक जांच की मांग
06-May-2022 08:14 PM 9074
भोपाल, 06 मई (AGENCY) मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने भारतीय जनता पार्टी पर आदिवासी क्षेत्रों में भय का वातवरण बनाने का आरोप लगाते हुए सिवनी की घटना के मामले में न्यायिक जांच की मांग की है। डॉ सिंह ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में भय का वातावरण बनाने के लिए हिंसक गतिविधियों के ट्रेनिंग कैंप भाजपा के संरक्षण में लगाने की जानकारियां सिवनी में सामने आई हैं। उन्होंने सिवनी जिले के कुरई ब्लॉक में मॉब लिंचिंग के मामले में कहा कि आरोपियों ने आधी रात के बाद घरों में घुसकर आदिवासियों को लाठी मार-मार कर उनकी जान ले ली। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या के जिन आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा है, वे बजरंग दल और संघ के कार्यकर्ता हैं। डॉ सिंह ने दावा किया कि इसके सार्वजनिक तौर पर प्रमाण है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सभी आदिवासी क्षेत्रों को निशाना बनाकर वहां हिंसा फैला रही है। उन्हें भयग्रस्त करके भाजपा वोट देने से उन्हें रोकना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि खरगोन में नौ में से नौ सीटें कांग्रेस ने जीती, इसके चलते वहां भी तनाव और हिंसा का वातावरण बनाया गया। कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल पिछले दिनों सिवनी घटना के मामले में पीड़ितों के परिजन से मिला। इस संबंध में डॉ सिंह ने जांच दल की ओर से घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^