कांग्रेस में चल रही कपड़ा फाड़ प्रतियोगिता: शिवराज
22-Oct-2023 09:40 PM 2651
रायसेन/मऊगंज, 22 अक्टूबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस में कपड़ा फाड़ प्रतियोगिता चल रही है। श्री चौहान ने रायसेन जिले के सांची और मउगंज जिले के हनुमना में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि महाअष्टमी के दिन भी उन्हें सुनने बड़ी संख्या में लोग आएं हैं, खासतौर पर बहनें आई हैं, ये भैया के प्रति उनका विश्वास है। वे उन्हें प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कपड़ा फाड़ प्रतियोगिता चल रही है। पोस्टर फाड़े जा रहे हैं। कांग्रेस की हालत तो ऐसी हो गई है कि एक दिल के टुकड़े हजार हुए एक यहां गिरा एक वहां गिरा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के पानी में इंसान, सांप, बंदर, चीटी सभी एक पेड़ पर चढ़ जाते हैं, लेकिन वो पेड़ पर लड़ते नहीं हैं, यहां तो पेड़ पर भी लड़ाई चल रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को दुनिया का सर्वाधिक लोकप्रिय नेता बताते हुए कहा कि श्री मोदी जनता के हीरो हैं। श्री मोदी के नेतृत्व में पुरे विश्व में भारत की साख बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में कोई नेता गड़बड़ करता था तो वह कभी जेल नहीं जाता था, लेकिन अब किसी ने पाप किया है तो उसे जेल जाना पड़ेगा, ये श्री मोदी की सरकार है। सभा को संबोधित करते हुए श्री चौहान ने जनसमुदाय से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने और प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनाने की अपील की। श्री चौहान ने कहा कि अब मध्यप्रदेश में ‘के’ कांग्रेस हो गई है, यानी श्री कमलनाथ की कांग्रेस। वही सर्वे कर रहे हैं, वही टिकट बांट रहे हैं। टिकट में गड़बड़ हो तो वह कहते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह के कपड़े फाड़ो, कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं कपड़े फाड़ रहे हैं, पुतले जला रहे हैं। कांग्रेस को प्राइवेट लिमिटेड बना लिया है। उन्होंने कहा कि हम वादे नहीं काम कर रहे हैं और जो काम कर रहे हैं उसे बता रहे हैं। कांग्रेस रोज झूठे वादे करती है। उन्होंने मोहब्बत की दुकान नहीं बल्कि झूठ की दुकान खोल रखी है। रोज झूठ परोस रहें हैं। वे उनसे पूछना चाहते हैं कि यह दूसरा महाझूठ पत्र तो ले आए, लेकिन पहले वचन पत्र का क्या हुआ। कांग्रेस ने कहा था कर्ज माफ करेंगे लेकिन सभी का कर्ज माफ क्यों नहीं किया इसका जवाब देना चाहिए। श्री चौहान ने कहा कि आपको लग रहा होगा, अच्छा मुख्यमंत्री है अष्टमी के दिन भी आ रहा है, लेकिन अकेले यहाँ नहीं वे बाकी जगह भी जा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की महाविजय के लिए दशहरे के दिन भी वे प्रचार करेंगे और दिवाली के दिन भी वे प्रचार प्रसार नहीं छोडेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि महाअष्टमी होने के बावजूद भी आज देवनगर में आप सभी पधारे, आपने भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास व्यक्त किया और भैया पर भरोसा किया। वे भी आपको वचन देते हैं जान भले ही चले जाए, लेकिन आपके विश्वास को नहीं टूटने देंगे। मुख्यमंत्री ने मऊगंज जिले के हनुमना में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना को लेकर कांग्रेसी परेशान हैं। चुनाव आयोग में शिकायत कर रहें है कि, शिवराज चुपचाप पैसे डाल रहा है, लेकिन वे चुपचाप नहीं डंके की चोट पर बहनों के खातों में पैसा डालेंगे। श्री चौहान ने कहा कि उन्होंने बहनों को पैसा नहीं सम्मान दिया है। लाड़ली बहना योजना के तहत अभी बहनों के खातो में 1250 आ रहें हैं, लेकिन इस राशि को बढ़ाकर 1500, फिर 1750 इसके बाद 2000 और चरणबद्ध तरीके से इस राशि को 3000 रूपए तक किया जाएगा। श्री चौहान ने बहनों से पूछते हुए कहा कि बताओ कभी कांग्रेस ने पैसा दिया है क्या? इतना ही नहीं जिन बहनों के मकान प्रधानमंत्री आवास योजना में रह गए हैं, ऐसी बहनों के लिए मुख्यमंत्री आवास योजना बनाई गई है। जो बहने शेष रह गई हैं, चुनाव के बाद उन बहनों का भी नाम जोड़कर उन्हें पक्के मकान दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वे बहनों के प्रेम को प्रणाम करते हैं कि आज के दिन भी वह इतनी संख्या में उन्हें सुनने आई हैं। उन्होंने कहा कि गरीब किसानों के बेटा-बेटियों के लिए हम सीएम राइज स्कूल बना रहे हैं। यह सरकारी स्कूल, प्राईवेट स्कूलों से बेहतर बनाकर देंगे। मेडिकल, इंजिनियरिंग में एडमिशन होने पर फीस माता-पिता नहीं मामा भरवाएगा। बच्चों के भविष्य को बर्बाद नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा, सज्जन शक्तियों का संरक्षण करने वाली है। जनता का हक मारने वालों को किसी भी कीमत पर छोड़ेंगे नहीं। हम सभी वर्ग के गरीबों, किसानों, नौजवानों सभी को न्याय देंगे, सभी की सेवा करेंगे। श्री चौहान ने कहा कि भाजपा ने अपने टिकटों का वितरण कर दिया है। अब स्वर्णिम मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को देश के तीन प्रमुख राज्यों की अर्थव्यवस्था में शामिल करना है। इसके लिए हम सभी कार्यकर्ता 26 दिन, दिन-रात काम में जुटेंगे। उन्होंने कहा कि वे भी काम में जुट गए हैं। कार्यकर्ता साथी और हमारा बाकी नेतृत्व भी काम में जुट रहा है। भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और उनकी पूरी टीम हमारा मार्गदर्शन कर रही हैं। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में हम इस चुनाव में भारी विजय प्राप्त करेंगे। भाजपा की महाविजय जनता के समर्थन और आशीर्वाद से सुनिश्चित करेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^