13-Jan-2022 09:47 PM
7855
लखनऊ, 13 जनवरी (AGENCY) उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिये गुरुवार को कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची में बेशक सबसे ज्यादा तरजीह महिलाओं को दी गयी, लेकिन प्रत्याशियों के विश्लेषण से यह भी पता चलता है कि पार्टी ने उम्र और जातीय समीकरणों का भी पूरा ध्यान रखा है।
कांग्रेस की महासचिव एवं पार्टी की उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने 125 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। इनमें वादे के मुताबिक 40 प्रतिशत यानि 50 महिला उम्मीदवारों को शामिल किया गया है। वहीं जाति के आधार पर सर्वाधिक 18 टिकट ब्राह्मणों को दिये गये हैं। वहीं मुसलमानों में 11 सामान्य और आठ पिछड़े वर्ग के मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देकर कुल 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं।
अगर कांग्रेस की सूची में उम्र के आधार पर देखा जाये तो पार्टी ने सबसे कम 13 टिकट 61 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को दिये हैं। इनमें चार महिलायें और नौ पुरुष शामिल हैं।
उम्र के हिसाब से सर्वाधिक 67 टिकट 41 से 60 साल के उम्मीदवारों को दिया गया है। जबकि 25 से 40 साल तक की उम्र वाले उम्मीदवारों की संख्या 45 है। इनमें 24 पुरुष तथा 21 महिलायें शामिल हैं।
जातिगत आधार पर टिकटों का विश्लेषण बताता है कि कांग्रेस ने 125 उम्मीदवारों में सर्वाधिक 57 टिकट सामान्य वर्ग और 35 पिछड़े वर्ग, 32 अनुसूचित जाति एवं एक अनुसूचित जनजाति के लोगों को दिया है। सभी जातियों में 18 ब्राह्मण उम्मीदवारों के अलावा 15 जाटव, 14 राजपूत और पांच पांच यादव एवं कुर्मी जाति के उम्मीदवारों पर दांव लगाया है।...////...