12-Feb-2023 08:36 PM
2035
ग्वालियर, 12 फरवरी (संवाददाता) केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आज कांग्रेस पर देश का विकास नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने काफी लंबे समय तक देश में शासन किया, लेकिन वह विकास के नाम पर केवल परिवार की ओर देखती थी।
श्री तोमर ने यह बात आज ग्वालियर के आईआईटीटीएम सभागार में ग्वालियर-चंबल संभाग के मीडिया कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए कही। वर्ग के शुभारंभ अवसर पर पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनिल पटेल, जवाहर प्रजापति, जुगल किशोर शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता आशीष अग्रवाल, नेहा बग्गा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी पवन कुमार सेन एवं आईटी-सोशल मीडिया के प्रदेश सह संयोजक अभिनंदन त्यागी मंचासीन थे।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि जो विकास के नए आयाम आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गढ़े जा रहे हैं, वो अवसर कांग्रेस ने अपने शासनकाल में खो दिया। डॉ मनमोहन सिंह जब प्रधानमंत्री थे, तब वे भी विकास की बुनियाद रख सकते थे, लेकिन कांग्रेस ने विकास के नाम पर केवल परिवार की ओर देखा, वहीं भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने अपनी विचारधारा को आधार मानते हुए अंतिम छोर पर खड़े हुए व्यक्ति को देखा। अगर बुनियाद तैयार होती तो हम इमारत बना रहे होते।
प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम सत्र में ‘बढ़ता भारत, बढ़ता मध्यप्रदेश’ विषय पर केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। श्री तोमर ने कहा कि मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं में एकाग्रता होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि हम जिस किसी भी क्षेत्र में कार्य करें उसमें हमारी कोशिश होनी चाहिए कि हम योग्यता से परिपूर्ण हों। जब हम एकाग्र होकर काम करेंगे तो आपका काम निखरेगा, आपका काम निखरेगा तो पार्टी के काम में निखार आएगा।
श्री तोमर ने कार्यकर्ताओं का बताया कि हमें इस बात को ध्यान रखना चाहिए 15 महीने वाली कांग्रेस की सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ हमेशा एक ही बात कहते थे कि खजाना खाली है, लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के वक्तव्य में यह कभी सुनने को नहीं मिला होगा कि खजाना खाली है। इसके विपरित आज मध्यप्रदेश कई मामलों में देश के कई राज्यों से अग्रणी भूमिका में है।
भारत के संदर्भ में श्री तोमर ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत में भ्रष्टाचार, घोटालों की चर्चा होती थी। कांग्रेस के नेतृत्व में देश बहुत लचर स्थिति में पहुंच गया था। लेकिन आज भारत का नेतृत्व प्रधानमंत्री श्री मोदी के सशक्त हाथों में है। आज दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। आज भारत जी-20 देशों की अध्यक्षता कर रहा है। हमने 9 करोड़ रसोई गैस कनेक्शन देने, घर-घर स्वच्छ जल पहुंचाने, निःशुल्क राशन वितरण, 220 करोड़ वैक्सीन डोज लगाने जैसे कई ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
उन्होंने कहा कि आज देश में महंगाई की चर्चा तो होती है लेकिन हमें इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि कांग्रेस के शासन के समय महंगाई दर डबल डिजिट में थी वहीं आज महंगाई दर सिंगल डिजिट में बनी हुई है।
प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री झा ने ‘हमारे विचार की विकास यात्रा’ विषय पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। श्री झा ने कहा कि हमारा इतिहास गौरवशाली है। हमारे विचारधारा की यात्रा बहुत संघर्षशील रही है। उन्होंने कहा कि देश जब आजाद होने की स्थिति में था, तब भारतीय संस्कृति के अजर-अमरता के लिए सन 1925 को विजयादशमी के दिन कुछ स्वयंसेवकों ने जो प्रयास प्रारंभ किए उसी विचारधारा के आधार पर आज हम 2 से 353 तक पहुंचे हैं।
प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम सत्र में पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री पाराशर ने ‘मीडिया के साथ हमारा कार्य और व्यवहार’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं को अध्ययनशील होना आवश्यक है। आप सभी भाग्यशाली कार्यकर्ता हैं जिन्हें अध्ययन करने का काम मिला है। मीडिया विभाग के कार्यकर्ताओं के मन में वैचारिक स्पष्टता होनी चाहिए।
मीडिया विभाग के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनिल पटेल ने वर्ग के चतुर्थ सत्र में ‘आईटी एवं सोशल मीडिया का बेहतर उपयोग’ विषय पर संबोधित किया। श्री पटेल ने इस अवसर पर कहा कि आज पार्टी में सोशल मीडिया का काम बहुत बढ़ गया है। हमें सोशल मीडिया का उपयोग पार्टी की विचारधारा को बढ़ाने के लिए करना चाहिए। श्री पटेल ने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, ट्वीटर, इंस्टाग्राम, यू-ट्यूब और व्हाट्अप आदि की बारीकियों से अवगत कराया। इस दौरान सत्र की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी जुगल किशोर शर्मा ने की।...////...