कांटे के मुकाबले में भारत ने स्पेन को 5-4 से हराया
26-Feb-2022 10:49 PM 5440
भुवनेश्वर, 26 फरवरी (AGENCY) टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीत हासिल करने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शनिवार को यहां कांटे के मुकाबले में एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021-22 में स्पेन को 5-4 से पराजित कर दिया। एफआईएच हॉकी प्राे लीग के अपने पांचवें मुकाबले में भारत को दुनिया की नंबर आठ टीम स्पेन से कड़ी टक्कर मिली। मैच की शुरुआत बेहद रोमांचक रही। दोनों ही टीमों की ओर से शुरुआती बढ़त के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें स्पेन ने बाजी मारी। पहला क्वार्टर खत्म होने से ठीक पहले 14वें मिनट में स्पेन पेनल्टी कॉर्नर अर्जित करने में कामयाब रहा, जिसे पाउ कुनिल गोल में तब्दील करने से नहीं चूके और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई, हालांकि अगले ही मिनट में भारतीय उप कप्तान एवं डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह ने भी पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने का मौका नहीं गंवाया। इस तरह से पहला क्वार्टर को 1-1 के साथ समाप्त हुआ। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में पूरी तरह से और तीसर क्वार्टर के शुरुआती 10 मिनटों तक मैच में स्पेन का कंट्रोल रहा। स्पेन ने भारतीय टीम पर दबाव बनाया और कभी पेनल्टी कॉर्नर तो कभी पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किए। बीसवें और 23वें मिनट में स्पेन ने क्रमश: पेनल्टी कॉर्नर और पेनल्टी स्ट्रोक के माध्यम से दो गोल दाग कर बढ़त को 3-1 कर दिया। इसी स्कोर पर दूसरा क्वार्टर समाप्त किया। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भी स्पेन का पलड़ा भारी रहा और 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल कर बढ़त को 4-1 कर उसने भारत को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। यहां से भारत की वापसी की उम्मीद बहुत कम लग रही थी, लेकिन भारत ने एक बार फिर से करिश्माई अंदाज में वापसी की। युवा भारतीय फॉरवर्ड शिलाानंद लाकड़ा ने 41वें मिनट में शानदार फील्ड गोल दाग कर वापसी की ओर पहला कदम बढ़ाया। इसके तुरंत बाद 43वें मिनट में एक अन्य भारतीय फॉरवर्ड शमशेर सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर स्कोर को 4-3 किया। इसी के साथ तीसरे क्वार्टर की समाप्ति हुई। चौथे और आखिरी क्वार्टर में करो या मरो के मकसद के साथ उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक हॉकी खेली और स्पेन के डिफेंस को दुविधा में डाला। परिणामस्वरूप भारत को 55वें और 60वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिले, जिन्हें क्रमश: डिफेंडर वरुण कुमार और हरमनप्रीत सिंह ने गोल में तब्दील कर भारत को 5-4 से जीत दिलाई। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम रविवार को यहां फिर स्पेन से भिड़ेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^