कारगिल के शूरवीरों को श्रद्धांजलि के लिए तोलोलिंग चोटी पर सेना का विशेष अभियान
13-Jun-2025 08:54 PM 3751
नयी दिल्ली 13 जून (संवाददाता) सेना ने 1999 के कारगिल युद्ध में तोलोलिंग की ऐतिहासिक लड़ाई के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के लिए तोलोलिंग चोटी पर एक विशेष अभियान चलाया है। यह अभियान सेना की ‘फॉरएवर इन ऑपरेशन्स डिवीजन’ ने 11 जून को चलाया। द्रास में कारगिल युद्ध स्मारक से रवाना हुए इस अभियान दल ने उन सैनिकों की अटूट भावना और सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि दी, जिन्होंने दुश्मन सेना को रणनीतिक महत्व की चोटियों से खदेड़ कर उन पर फिर से कब्ज़ा किया। यह कारगिल की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण मोड़ था। सेना के अनुसार तोलोलिंग की लड़ाई में सक्रिय रूप से भाग लेने वाली विभिन्न इकाइयों के 30 बहादुर सैनिकों की एक टीम ने तोलोलिंग चोटी पर चढ़कर तिरंगा फहराया और ऑपरेशन विजय के बहादुरों को श्रद्धांजलि दी। भारतीय वायु सेना ने भी इस प्रयास को अपना समर्थन दिया और इस अभियान के लिए अधिकारियों और वायुसैनिकों को मैदान में उतारा। जब देश ऑपरेशन विजय की 26वीं वर्षगांठ मना रहा है, यह अभियान भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता, देशभक्ति और निस्वार्थ सेवा की एक मार्मिक याद दिलाता है। सेना का कहना है कि यह अभियान केवल एक साहसिक कार्य नहीं है, यह स्मरण, चिंतन और श्रद्धा की यात्रा है, जिसका उद्देश्य देश के इतिहास को आकार देने वाले साहस और बलिदान की कहानियों से भावी पीढ़ियों को प्रेरित करना है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^