कश्मीर में शांतिपूर्ण गणतंत्र दिवस कार्यक्रम सुनिश्चित करें : पुलिस महानिरीक्षक
11-Jan-2022 10:36 PM 8709
श्रीनगर, 11 जनवरी (AGENCY) कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों को गणतंत्र दिवस के समारोह शांतीपूर्ण तरीके से आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक बंदोबस्त करने के निर्देश दिये। श्री कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुलिस उपमहानिरीक्षकों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिये। पुलिस कंट्रोल रूम कश्मीर में हुई बैठक में मध्य कश्मीर के उपमहानिरीक्षक और श्रीनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। बैठक में शामिल अधिकारियों ने पुलिस महानिरीक्षक को अपने-अपने क्षेत्रों की सुरक्षा स्थिति और चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक पुलिस महानिरीक्षक कश्मीर को आगामी गणतंत्र दिवस के संबंध में सुरक्षा उपायों/तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही तीसरी कोविड लहर के मद्देनजर अपनाए गए मानदण्डों के बारे में भी बताया गया। बयान में कहा गया कि पुलिस महानिरीक्षक ने कानून व्यवस्था की देखरेख के लिए की गई पहलों पर भी चर्चा की। उन्होंने कानून व्यवस्था की देखरेख में पुलिस बल का अपने कर्तव्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सफल आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने के लिए सराहना की। कोविड के मामलों में वृद्धि को देखते हुए श्री कुमार ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि फ्रंटलाइन में काम करने वाले पुलिस कर्मियों को कोविड-19 बूस्टर खुराक प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आइसोलेशन वार्ड सहित मौजूदा बुनियादी ढांचे को सक्रिय किया जाए। उन्होंने आगे कहा कि मौजूदा शांतिपूर्ण माहौल को बिगाड़ने में शामिल लोगों से कानून के तहत सख्ती से निपटा जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि हिंसा भड़काने और अफवाह फैलाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^