कश्मीर ने चार साल में जो हासिल किया है, उस पर पूरे देश को गर्व हैः सिन्हा
06-Jan-2024 10:18 PM 1709
श्रीनगर, 06 जनवरी (संवाददाता) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को कहा कि पिछले चार वर्षों में इस केंद्रशासित प्रदेश ने जो हासिल किया है, उस पर पूरे देश को गर्व है। श्री सिन्हा ने यहां विकसित भारत संकल्प यात्रा में भाग लेने के बाद एक समारोह को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने पूरे केंद्र शासित प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में जबरदस्त भागीदारी के लिए नागरिकों का आभार व्यक्त किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में त्वरित विकास को समावेशी विकास और विकसित भारत में बदलने के उनके प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा, “विकसित भारत संकल्प यात्रा ने समाज के गरीबों और वंचित वर्गों में आत्मविश्वास की भावना पैदा की है। जनभागीदारी इस यात्रा की ताकत है और लोगों की सामूहिक ताकत योजनाओं की संतृप्ति और आर्थिक बेहतरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ” न्यायसंगत और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के सरकार के संकल्प को दोहराते हुए, श्री सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में कल्याणकारी योजनाओं और सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास ने सबसे गरीब लोगों के जीवन को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने आम आदमी को स्थायी आय और गुणवत्तापूर्ण जीवन के लिए अपने पैरों पर खड़ा होने हेतु सशक्त और सक्षम बनाया है। उन्होंने कहा, “आज, पूरे देश को पिछले चार वर्षों में जम्मू-कश्मीर ने जो हासिल किया है उस पर गर्व है। हमारा लगातार ध्यान विकास के लिए महिलाओं, किसानों और युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि वे उभरते जम्मू कश्मीर के अवसरों तक पहुंचें और उनका पूरा उपयोग करें।' उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रशासन हमेशा पूरे समर्पण के साथ लोगों की सेवा करने और उनके मुद्दों को तुरंत हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने श्रीनगर शहर को शहरी परिवर्तन का एक प्रमुख उदाहरण बनाने के लिए श्रीनगर स्मार्ट सिटी लिमिटेड और नगर निगम के प्रयासों की भी सराहना की। उपराज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2024 के स्वागत के लिए लाल चौक पर विशाल और अपनी तरह का पहला नए साल का जश्न और देर रात तक उत्सव लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव और कश्मीर के प्राचीन गौरव की बहाली का संकेत है। उन्होंने अधिकारियों और नागरिकों को 'हमारा संकल्प, विकसित भारत' की शपथ दिलाई और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का दौरा किया। श्री सिन्हा ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मंजूरी पत्र और लाभ सौंपे। इस अवसर पर लाभार्थियों ने अपने अनुभव और सफलता की कहानियां भी साझा कीं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^