केंद्र ‘अग्रिपथ योजना’ से युवाओं को प्रताडि़त कर रहा है: चौटाला
03-Jul-2022 07:23 PM 6208
सिरसा 03 जुलाई (AGENCY) इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार किसान व युवा विरोधी है। पहले कृषि कानूनों की आड़ में किसानों को प्रताडि़त किया अब अग्निपथ योजना से युवाओं को प्रताड़ित कर रही है। इनेलो की युवा इकाई इस योजना को निरस्त करने के लिए प्रदेशभर में हर गांव से निंदा प्रस्ताव पास कर प्रधानमंत्री के पास भेजेगी। श्री चौटाला रविवार को यहां पार्टी की राष्ट्रीय व राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में प्रदेशभर से इनेलो के पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य,जिलाध्यक्ष,हलकाध्यक्ष एवं हाल ही में संपन्न नगर निकाय चुनावों के प्रत्याशियों ने भाग लिया। बैठक में अग्रिपथ योजना एवं हाल ही में खाद्यान्नों एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं पर 5 फीसदी जीएसटी बढ़ाने की कठोर आलोचना करते हुए निंदा प्रस्ताव पास किए गए। श्री चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जर्मनी के तानाशाह हिटलर के पदचिन्हों पर चलते हुए ‘अग्निपथ योजना’ इजाद की है। इस योजना में भर्ती किए गए युवा देश की रक्षा की बजाय आर.एस.एस. की रक्षा के लिए तैयार किए जाएंगे। इस योजना के तहत भर्ती पर सवाल खड़ा करते हुए आरोप लगाया कि भर्ती निष्पक्ष व योग्यता के आधार पर होने की बजाय आर.एस.एस. अपनी इच्छा से करेगी। देश में हिंदू-मुस्लिम,हिंदू-सिक्ख व अगड़े-पिछड़े के नाम पर दंगे फैलाकर इनका उपयोग करेगी। इस बैठक को इनेलो के राष्ट्रीय संगठन सचिव व पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा, राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश भारती,प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी,इनेलो महिला प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा व प्रदेश महासचिव सुनैना चौटाला व इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अर्जुन चौटाला ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला को पहले कांग्रेस ने एक साजिश के तहत जेल भेजा अब भाजपा ने एक षडयंत्र से जेल भेजने का काम किया है। उन्होंने बताया कि ओम प्रकाश चौटाला की सजा को सोमवार को पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में चुनौती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इनेलो प्रदेश में जिला परिषद सदस्य का चुनाव अपने पार्टी सिंबल पर लड़ेगी। इन चुनावों को लेकर वे आगामी 10 जुलाई से प्रदेशभर का भ्रमण छेड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही मे संपन्न निकाय चुनाव परिणामों से सामने आया है कि सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी,कांग्रेस व जननायक जनता पार्टी (जजपा) का ग्राफ गिरा है जिससे ये पार्टी कमेजार पड़ी हैं। इनेलो का शहरों में 26.6 फीसदी वोट प्रतिशत बढ़ा है। निकाय चुनाव में उम्मीदवार रहे लोगों को पार्टी संगठन में जगह दी जाएगी। साथ ही उन्होंने अपने ही भाई अजय चौटाला व चाचा बिजली मंत्री रणजीत सिंह पर निकाय चुनाव में वोंटो की खरीद फरोख्त के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पूर्व उप प्रधानमंत्री एवं पार्टी के संस्थापक चौधरी देवीलाल की जंयति को राज्य स्तर पर मनाने के लिए फतेहाबाद व दादरी पार्टी इकाई से प्रस्ताव मिले हैं जिन पर पूर्व मुख्यमंत्री औम प्रकाश चौटाला से निर्णय लेकर अंतिम रूप दिया जाएगा। तत्पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए श्री अभय चौटाला ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में वोटों की हुई खरीद फरोख्त का खुलासा वह विधानसभा के मानसून सत्र में करेंगें। राष्ट्रपति चुनाव में मतदान को लेकर पूछे गए सवाल में अभय चौटाला ने कहा कि चौधरी देवीलाल की सोच थी की एक दलित देश के राष्ट्रपति पद पर बैठे आज एक दलित परिवार की बेटी उम्मीदवार है उसे समर्थन देंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^