केरल हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरा ब्रिटिश लड़ाकू विमान
15-Jun-2025 03:38 PM 1840
नयी दिल्ली 15 जून (संवाददाता) ब्रिटेन की नौसेना के शक्तिशाली लड़ाकू विमान एफ-35 को शनिवार देर रात केरल के अंतररार्ष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरना पड़ा। उधर वायु सेना ने आपात स्थिति में इसे सामान्य घटना बताया है। सूत्रों के अनुसार ब्रिटिश नौसेना के इस लड़ाकू विमान ने हिन्द प्रशांत क्षेत्र में तैनात ब्रिटेन के एक विमान वाहक पोत से शनिवार रात नियमित उडान भरी थी लेकिन खराब मौसम और ईंधन की कमी के कारण विमान ने भारत में उतरने की अनुमति मांगी। भारतीय अधिकारियों ने इसे केरल के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने की अनुमति दे दी। अनुमति मिलने के बाद यह दस बजे के करीब केरल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। वायु सेना ने इसे आपात स्थिति में सामान्य घटना बताया है। वायु सेना के प्रवक्ता ने रविवार को कहा कि एफ-35 के भारत में उतरने की यह एक सामान्य घटना है। भारतीय वायुसेना को इस घटनाक्रम की पूरी जानकारी थी और उसने उड़ान सुरक्षा कारणों से विमान की मदद की। इस मामले में सभी तरह की सहायता प्रदान की जा रही है और भारतीय वायुसेना सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर रही है। उल्लेखनीय है कि इस विमान ने हाल ही में भाारतीय नौसेना के साथ एक सैन्य अभ्यास में भी हिस्सा लिया था। यह विमान केरल हवाई अड्डे पर ईंधन भरे जाने के इंतजार में है। ईंधन भरे जाने के बारे में भारत और ब्रिटेन के संबंधित अधिकारियों के बीच बातचीत हो रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^