18-Jun-2023 11:32 PM
8256
सिरसा 18 जून (संवाददाता) केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित शाह ने पिछली सरकार के कार्यकाल पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस की सरकार थ्री-डी की सरकार थी। थ्री-डी यानी ‘दरबारी, दामाद और डीलर’। वर्तमान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इन तीनों डी को समाप्त कर दिया है।
भाजपा ने रविवार को हरियाणा के सिरसा में गौरवशाली भारत रैली आयोजित कर 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद किया। इस रैली को श्री अमित शाह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का गौरव दुनिया में बढ़ा है। पुलवामा जैसे हमलों का जबाव सर्जिकल स्ट्राइक से दिया वहीं मोदी सरकार की कल्याणकारी व सुरक्षा की नीतियों से देश की साख विदेशों में बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि आज बहुत सारे देश कुछ करने से पहले भारत के निर्णय की ओर देखते हैं। उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस के कार्य को कोसते हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को माैनी बाबा व राहुल गांधी को राहुल बाबा कहकर संबोधित किया।
श्री शाह ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल का जिक्र करते हुए उन्हें ललकारा ओर कहा कि उनके शासन से कहीं बढ़कर मनोहर सरकार ने हरियाणा में काम किया है।
सभा में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा भाजपा प्रभारी विप्लब देव, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़,पूर्व गृह राज्य मंत्री गोपाल कांडा,दिल्ली के वरिष्ठ भाजपा नेता मजिंद्र सिंह सिरसा, सासंद सुनीता दुग्गल,वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा प्रदेश मंत्री भाजपा सुरेंद्र आर्य सहित अन्य वरिष्ठ भाजपा नेता भी उपस्थित रहे।
श्री शाह ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री सिर्फ रोहतक का होता था। रोहतक के अलावा किसी की चिंता नहीं करता था। लेकिन मनोहर लाल पूरे हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद केंद्र सरकार की सभी योजनाओं को श्री मनोहर लाल ने जमीनी स्तर तक पहुंचाया और पूरे हरियाणा का विकास करने का काम किया। हरियाणा का धाकड़ जवान, धाकड़ किसान और धाकड़ खिलाड़ी ये तीनों देश की शान हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नौ साल पहले का भारत याद करिए,12 लाख करोड़ के घपले, घोटाले, भ्रष्टाचार कांग्रेस पार्टी ने किये थे। इन नौ साल में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारदर्शी तरीके से शासन उपलब्ध करवाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान केंद्र और राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। उस समय वर्ष 2004 से 2014 तक हरियाणा को डीवैल्यूशन और ग्रांट इन ऐड के कुल मिलाकर 40,000 करोड़ रुपये दिये थे। जबकि श्री नरेंद्र मोदी ने इस राशि को बढ़ाकर एक लाख 30 हजार करोड़ रुपये हरियाणा को दिए हैं।
श्री शाह ने कहा कि श्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा किसानों के कल्याण की बात करते हैं। दस साल कांग्रेस की सरकार में जितना धान, गेहूं खरीदा गया उससे कहीं ज्यादा श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने खरीदा है। आज वर्ष 2014 से 2022 तक 260 लाख मीट्रिक टन गेहूं, 385 लाख मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। कोई 47 हजार करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से किसानों के बैंक खाते में गए है। हर वर्ष छह हजार रुपये प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सीधे किसानों के खाते में जाते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कभी छह हजार रुपये किसानों के खातों में सीधे नहीं भेजे और न ही फसल विविधिकरण के लिए किसानों को जागरूक करने का काम किया। जबकि मनोहर सरकार किसानों के लिए भावांतर भरपाई योजना लेकर आई और किसानों को जागरूक कर फसल विविधिकरण को बढ़ावा दिया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक राज्य को 5.22 बिलियन डॉलर का विदेशी निवेश प्राप्त हुआ। 400 फॉरच्यून कंपनियों के कार्यालय गुरुग्राम में हैं। पचास प्रतिशत गाडिय़ां हरियाणा में बनती हैं। हमारी सरकार ने 1400 किलोमीटर नए नेशनल हाइवे बनाए। 17 नए राष्ट्रीय राजमार्ग हरियाणा में घोषित किए।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी पावन शिक्षाओं व वाणी से समस्त जगत को राह दिखाने वाले श्री गुरु नानक देव जी के पावन सानिध्य के साक्षी ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब में माथा टेक देशवासियों के सुख समृद्धि की कामना की। इस मौक़े पर गृह मंत्री ने बाबा अजीत सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की। प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने केन्द्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को सरोपा भेंट किया। ऐतिहासिक गुरुद्वारे के इतिहास के अनुसार दूसरी उदासी के समय बठिडा, भटनेर (हनुमानगढ़), रानियां से होते हुए विक्रमी संवत 1567 को गुरुनानक देव अपने शिष्य मरदाना के साथ सिरसा आए थे। श्री गुरु नानक देव जी ने यहां चिल्ला काटा यानि चालीस दिनों की तपस्या की। गुरुनानक देव जी सिरसा में चार महीने और 13 दिन रहे। जिस स्थान पर श्री गुरु नानक देव जी ने तपस्या की थी, उस स्थान पर वर्तमान में गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब स्थापित है।...////...