किसानों की मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन 26 नवंबर को राजभवन का करेगा घेराव: टिकैत
10-Nov-2022 07:56 PM 7464
देवरिया, 10 नवंबर(संवाददाता) भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश सिंह टिकैत ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के देवरिया में यह एलान किया कि किसान यूनियन उनकी मांगों को लेकर लखनऊ में 26 नवंबर को राजभवन का घेराव करेगी। देवरिया से सात किलोमीटर दूर सोनूघाट में आज किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए किसान नेता टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अनदेखी कर रही है। इसी अनदेखी के कारण किसान मजबूर होकर एक साल से ज्यादा समय तक धरने पर बैठे रहे। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) कानून के बारे में किसानों से धोखा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी पैदवार का वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा है। किसान नेता ने कहा कि अंग्रेजों के 1894 में बनाये भूमि अधिग्रहण कानून को लंबी लड़ाई के बाद समाप्त कर वर्ष 2013 में किसानों के हित में कानून बना था, लेकिन भाजपा सरकार इसमें बदलाव कर मॉडल एक्ट बनाकर किसानों की जमीनें जबरन छीन रही हैं। श्री टिकैत ने कहा कि यह सरकार किसान बिरादरी को खत्म करना चाहती है। सरकार ने कश्मीर में किसानों को बर्बाद कर दिया। पहले की सरकारें किसानों के आंदोलन को गंभीरता से लेकर उनकी समस्याओं का समाधान करने की प्रयास करती थीं, लेकिन यह सरकार आंदोलन करने पर पूछने तक नहीं आती है। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष कमजोर होता है तो तानाशाही का जन्म होता है। इसके बाद जनता क्रांति करती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा धर्म के आधार पर देश में हिन्दू, मुसलमान और सिख को देश को बांटने का काम करती है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^