कुशीनगर में सड़क हादसे में तीन युवकों की हुई मौत
17-Apr-2022 10:17 PM 6402
कुशीनगर, 17 अप्रैल (AGENCY) उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सरया डीह गांव के पास सड़क के किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा जाने से एक ही मोटर साइकिल पर सवार तीन युवकों की मौत हो गयी, जबकि चौथे की हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार सभी पीड़ित कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के सिकटा गांव के निवासी हैं। दुर्घटना शनिवार की देर रात हुई। इस गांव के निवासी प्रिंस सिंह, सुनील प्रसाद, मुकेश सिंह और विक्की सिंह एक ही बाइक से मंसाछापर की तरफ किसी निमंत्रण में जा रहा थे। पडरौना-कुबेरस्थान मार्ग पर सरयाडीह गांव के पास पहुंचे ही थे कि इनकी माेटर साइकिल सड़क के किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इस दुर्घटना में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कुबेरस्थान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को जिला अस्पताल ले गई। बताया जा रहा है कि वहां डॉक्टर ने सुनील प्रसाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि मुकेश सिंह और विक्की सिंह की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां ले जाते समय दोनों की रास्ते में मौत हो गई। प्रिंस सिंह का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि चारों में किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। कुबेरस्थान थाने के एसओ रणजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि तीनों युवकों का शव पुलिस के कब्जे में है। चौथे युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। अभी इस सिलसिले में कोई तहरीर नहीं मिली है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^