लालू पर प्रियंका की प्रतिक्रिया से नीतीश हैरान
18-Feb-2022 11:31 PM 3751
नई दिल्ली 18 फरवरी (AGENCY) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के चारा घोटाला मामले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव को दोषी ठहराने की न्यायिक प्रक्रिया को लेकर दिए गए बयान पर आज आश्चर्य व्यक्त किया। श्री कुमार ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि वह श्री यादव को चारा घोटाले में दोषी ठहराए जाने पर श्रीमती प्रियंका गांधी के बयान को लेकर हैरान हैं। उन्होंने कहा कि यह एक न्यायिक प्रक्रिया है और इस पर कोई टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री यादव को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत ने चारा घोटाले के कई मामलों में पहले सजा सुना चुकी है। अदालत ने उन्हें 15 फरवरी को घोटाले के एक और मामले में दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले पर क्या कहा जा सकता है। श्री कुमार ने राजद अध्यक्ष द्वारा जेल नियमावली के उल्लंघन के बारे में पूछे जाने पर अनभिज्ञता व्यक्त की। उन्होंने चुनाव प्रचार के लिए उत्तर प्रदेश जाने के संबंध में पूछे जाने पर कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता और कार्यकर्ता उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के लिए प्रचार में लगे हुए हैं। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया था कि लालू प्रसाद यादव को राजनीतिक बदले की भावना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परेशान कर रही है। मुख्यमंत्री ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग बहुत पहले केंद्र सरकार के समक्ष रखी गई थी। बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर कई अभियान चलाए गए हैं। उन्होंने कहा कि नीति आयोग ने अपनी रिपोर्ट में इस बात का संकेत दिया है कि बिहार विभिन्न विकास मानकों पर सभी राज्यों में सबसे नीचे है। इस परिदृश्य में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग पर विचार करना और भी महत्वपूर्ण हो गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^