05-Jul-2022 06:55 PM
6562
पटना 05 जुलाई (AGENCY) बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने आज बिहार सरकार से अस्पताल में भर्ती राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजने की व्यवस्था करने का आग्रह किया ।
श्री मोदी ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा कि राज्य सरकार को श्री लालू प्रसाद यादव के स्वास्थ्य की चिंता करनी चाहिए और यदि आवश्यक हो, तो बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत दिल्ली भेजने की व्यवस्था की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव जल्द ठीक हो कर घर लौटें।
भाजपा सांसद ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों और वंचितों की पार्टी होने का दावा करने वाला राष्ट्रीय जनता दल जब 26 वाँ स्थापना दिवस मना रहा है, तब उसे आदिवासी महिला और झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के लिए कुछ बड़ा दिल दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजद को केवल विरोध के लिए विरोध की नीति त्याग कर राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी श्रीमती मुर्मू के समर्थन में आना चाहिए।
श्री मोदी ने कहा कि सन् 2000 में श्री लालू प्रसाद यादव ने कहा था कि अगर पृथक झारखंड राज्य बना, तो यह उनकी लाश पर बनेगा । बाद में राजनीतिक मजबूरी में उन्होंने बिहार के पुनर्गठन का विधेयक पारित कराया। उन्होंने कहा कि 21 साल बाद फिर एक अवसर है, जब श्री लालू प्रसाद यादव को राष्ट्रपति के चुनाव में आदिवासी महिला श्रीमती मुर्मू का विरोध करने की नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए।...////...