07-May-2022 09:58 PM
8823
झांसी, 07 मई (AGENCY) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी मंडल की कानून व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर सख्त नाराजगी जताते हुए शनिवार को कहा कि मंडल में माफियाओं के खिलाफ अपेक्षित कार्यवाही ना होना गहरे असंतोष का विषय है।
बुंदेलखंड में कानून व्यवस्था और विकासकार्यों की समीक्षा के लिये योगी ने दो दिवसीय दौरे पर झांसी पहुंचने के बाद मंडलीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जमकर आड़े हाथों लिया। बैठक के बारे में दी गयी आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री ने ललितपुर में पिछले दिनों मासूम बच्ची के साथ हुयी दुष्कर्म की घटना पर भी सख्त नाराजगी जतायी।
योगी ने ललितपुर की घटना गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए जिले के पुलिस अधीक्षक से इस संबंध में जवाब तलब किया। उन्होंने इस मामले में विलम्ब से की गई कार्यवाही पर भी गंभीर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिला प्रशासन पेशेवर माफियाओं पर सख्त कार्यवाही करना सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के मन में माफियाओं के प्रति संवेदना ना हो, बल्कि जनसामान्य प्रति पूरी संवेदना होनी चाहिए।
बैठक में विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, श्रम राज्य मंत्री मन्नू लाल कोरी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा मंडल आयुक्त अजय शंकर पाण्डेय और झांसी के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। जालौन जिले के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में शिरकत की।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया कि धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर समुचित तरीके से उतारे जाने के बाद ये पुन: ना लगें, इसको अवश्य सुनिश्चित कर लिया जाये। साथ ही लाउडस्पीकर के इस्तेमाल संबंधी मानकों का भी पालन सुनिश्चित हो जिससे इनकी आवाज परिसर के बाहर ना जा पाये।
उन्होंने कानून व्यवस्था के मामले में संबंधित थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी व उप जिलाधिकारी की जवाबदेही भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि धार्मिक कार्यक्रम धर्म स्थल पर हों, जुलूस यात्रा की अनुमति हो तभी आयोजन किया जाये। इसके अतिरिक्त अस्त्र शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए, इसे भी सख्ती से रोकने के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये।
आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने झांसी मण्डल के अन्तर्गत आने वाले तीन जनपदों (झांसी, ललितपुर, जालौन) की परियोजनाओं एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश की जनता को लाभान्वित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस सम्बन्ध में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता बरते जाने पर सम्बंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को अपनी तैनाती स्थल पर ही प्रवास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा तहसील स्तर,ब्लॉक स्तर एवं पंचायत स्तर पर तैनात अधिकारी वही रहना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि परियोजनाओं की साप्ताहिक और पाक्षिक समीक्षा की जाये। जिससे उन्हें गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराया जा सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर विकास कार्यों में तेजी लाते हुये योजनाओं और विकास कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्ता पूर्ण ढंग से मानकों के अनुसार पूर्ण किया जाये।...////...