मातृदेवो भव :100 करोड़ क्लब में शामिल होगी :मछिन्द्र चाटे
21-Nov-2024 01:27 PM 2888
मुंबई, 21 नवंबर (संवाददाता) निर्माता-निर्देशक मछिन्द्र चाटे ने दावा किया है कि उनकी भोजपुरी फिल्म मातृदेवो भव :100 करोड़ क्लब में शामिल होगी।फ़िल्म मातृदेवो भवः के निर्देशक मछिन्द्र चाटे का कहना है की उनकी फिल्म एक अलग लकीर खींचते हुए एक नया इतिहास कायम करेगी और यह पहली भोजपुरी फ़िल्म होगी जो 100 करोड़ के क्लब में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि फ़िल्म का कंटेंट इतना जबरदस्त है कि इसको सुपरहिट होने से कोई नहीं रोक सकता है। हमने एक वर्ल्डक्लास की फ़िल्म का निर्माण किया है और अब उसका पोस्ट प्रोडक्शन का काम चल रहा है। शीघ्र ही फ़िल्म का ट्रेलर रिलीज किया जायेगा जिसमें दर्शकों को इस फ़िल्म की भव्यता का अंदाजा हो जाएगा। मछिन्द्र चाटे ने कहा कि कुछ साल पहले पद्मिनी कोल्हापुरी के अभिनय से सजी एक मराठी फ़िल्म चिमनी पाथर बनी थी, उस फिल्म की कहानी से प्रेरित होकर हमने इस फ़िल्म का निर्माण किया है। हमें अपनी सुदृढ़ भोजपुरी सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करने और सांस्कृतिक पुनरूत्थान के लिए भी जमीन से जुड़ी हुई कहानियों पर फिल्में बनानी होंगी, तभी दर्शक हमारी ओर आकर्षित हो पाएंगे। मातृ देवो भवः कुछ उसी प्रकार की कहानी है जिसपर काम करने के बाद हमें आंतरिक और आत्मिक शांति का अहसास हो रहा है।फ़िल्म मातृदेवो भवः को हम एक साथ वर्ल्डवाइड 16 भाषाओं में रिलीज करेंगे और यह फ़िल्म 100 करोड़ कमाई करने वाली फिल्म बनकर इतिहास रचेगी। सुपरस्टार अभिनेत्री आम्रपाली दुबे अभिनीत फिल्म मातृ देवो भवः की शूटिंग उत्तरप्रदेश के अम्बेडकर नगर में की गई है। अब इस फ़िल्म का पोस्ट प्रोडक्शन का काम मुम्बई में हो रहा है। इस फ़िल्म में आम्रपाली दुबे के साथ डॉक्टर महेश कुमार,अनूप अरोरा ,मनोज टाइगर, देव सिंह,बबलू खान, संजय पांडे, हीरा यादव,स्वीटी सिंह राजपूत,मछिन्द्र चाटे,बाल कलाकार के रूप में आरव वर्मा, सायेशा नाटेकर और अगस्त्य के साथ एक गड्डी विशेष भूमिकाओं में हैं।देवयानी मूवीज़ के बैनर तले बन रही फ़िल्म मातृ देवो भवः की कहानी सभा वर्मा की है।कैमरामैन फिरोज खान है, फिल्म के प्रोडक्शन का जिम्मा सागर शेलखे का है। वहीं फ़िल्म को संगीत से सावन मिश्रा ने सजाया है। फाइट मास्टर हीरा यादव और नृत्य निर्देशन आकाश शेट्टी का है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^