29-Apr-2022 10:41 PM
2090
इंदौर, 29 अप्रैल (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि प्रदेश में महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण, आर्थिक सशक्तिकरण और उनके सामाजिक सशक्तिकरण का महाअभियान चल रहा है।
श्री चौहान यहां महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी दर्शना सिंह, मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत, सुखप्रीत कौर ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा पहला राज्य था जिसने महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए यह तय किया कि स्थानीय निकायों में बहनों को 50 प्रतिशत रिर्जेवेशन दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय निकायों में आधी सीटें बहनों के लिए सुरक्षित करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। भाजपा सरकार ने लाडली लक्ष्मी योजना बनाकर बेटियों को लखपति बनाया। आज 43 हजार लाडली लक्ष्मी मध्यप्रदेश की धरती पर है। यह सामाजिक सशक्तिकरण करने का काम भाजपा सरकार ने किया है। राजनीतिक और सामाजिक सशक्तिकरण के साथ महिलाओं का आर्थिक तौर पर सशक्त हो इसके लिए हमने यह निर्णय लिया कि महिला स्वसहायता समूह के माध्यम से उनका आर्थिक सशक्तिकरण हो।
श्री चौहान ने कहा कि आज समूह की बहनें यूनिफार्म बनाने से लेकर रेडी टू इट फूड बना रही है। इसके अलावा अनेक उत्पाद बनाकर देश विदेश में भी निर्यात कर रही है। उन्होंने कहा कि हमने ऐतिहासिक निर्णय लेकर मध्यप्रदेश का राजनैतिक और सामाजिक परिदृश्य बदला है।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा लगातार पार्टी के कार्यक्रमों के साथ ही रचनात्मक और सामाजिक कार्यो में लगा हुआ है। आगामी समय में महिला मोर्चा और भी महत्वपूर्ण कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार की दृष्टि से मोर्चा के 3 महत्वपूर्ण कार्य है। जिसमें पहला लाडली लक्ष्मी योजना के लाभान्वित परिवारों से महिला मोर्चा की बहनें संवाद स्थापित करें और उन्हें पार्टी से जोडे। दूसरा कार्य मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के माध्यम से गरीब परिवार की बेटियों का विवाह कराना और तीसरा काम स्वसहायता समूह की महिलाओं को पार्टी से जोडने का काम महिला मोर्चा की बहनों को करना है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि हमारी संस्कृति में नारी को प्रथक स्थान दिया है और इसलिए हमारे देश को भारत माता कहा जाता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक कार्यों में हमारी बहनों की बडी भूमिका है। आज हर क्षेत्र में महिलाएं अग्रणी भूमिका निभा रही है। महिला मोर्चा संगठन कार्यो के साथ बूथ बूथ पर अलग अलग क्षेत्रों में समाज में विशेष कार्य करने वाली ऐसी प्रतिभावान बहनों को जोडे जो सामाजिक नेतृत्व करती हो। उन्होंने कहा कि महिलाओं में नेतृत्व करने की क्षमता होती है।
श्री शर्मा ने कहा कि आज केन्द्र और राज्य सरकार में हमारी बहनें केन्द्रीय मंत्री के रूप में बखूबी अपनी भूमिका का निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा ने संगठन पर्व के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को सक्रियता के साथ निभाया। मध्यप्रदेश में महिला मोर्चा प्रभावी रूप से अपनी भूमिका निभा रहा है। चाहे संगठन के नियमित कार्यक्रम हो या चुनाव कार्यक्रम। महिला मोर्चा की सभी कार्यकर्ता बहनों की सक्रियता अभिनंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया ने मध्यप्रदेश में भाजपा को सींचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। आपातकाल के दौरान उन्होंने कई यातनाएं सही, लेकिन उन्होंने क्रूर सरकार के खिलाफ झुकना स्वीकार नहीं किया।
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि प्रतिभा को खोजना और गढ़ना ही संगठन का मुख्य कार्य है और जो कार्यकर्ता हमारे पास उपलब्ध है उन्हें और अधिक प्रशिक्षित कैसे किया जा सके, साथ ही जो अच्छे कार्यकर्ता है उन्हें पार्टी कार्य के लिए किस तरह उपलब्ध कराया जा सके इस ओर ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि संगठन में प्रति क्षण ही प्रशिक्षण है। जब हम संगठन में कार्य करते है तो हर जगह बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं बहनों का उदाहरण देते हुए कहा कि अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए भी महिला कार्यकर्ता प्रवास कर सकती है।
राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा सौभाग्य है कि हमने उस देश में जन्म लिया है जहां नारी को पूजा जाता है। हमारे देश में नारी का सम्मान ब्रह्मा, विष्णु, महेश से भी बढ़कर है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मा की तरह सृजन करने का कार्य सिर्फ नारी कर सकती है। विष्णु की तरह उसका पालन पोषण करती है और भगवान महेश की तरह बच्चे पर आई विपदा को हर लेती है।
कार्यक्रम में प्रदेश शासन की मंत्री उषा ठाकुर, तुलसी सिलावट, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं मोर्चा प्रभारी सीमा सिंह जादौन, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, आईडीए अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा मुख्य रूप उपस्थित रहे।...////...