मध्यप्रदेश में परंपरागत हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस
26-Jan-2024 04:24 PM 6745
भोपाल, 26 जनवरी (संवाददाता) पचहत्तरवां गणतंत्र दिवस आज राजधानी भोपाल समेत संपूर्ण मध्यप्रदेश में परंपरागत हर्ष, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन में यहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने तिरंगा फहराने के साथ ही संयुक्त और भव्य परेड की सलामी ली। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उज्जैन जिला मुख्यालय पर आयोजित भव्य एवं गरिमामय समारोह में तिरंगा फहराने के बाद परेड की सलामी ली। इसके अलावा विभिन्न जिला मुख्यालयों पर आयोजित समारोहों में मंत्रियों और प्रमुख जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए। राज्यपाल श्री पटेल ने यहां मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में तिरंगा फहराने के साथ ही परेड का निरीक्षण किया। श्री पटेल ने इस मौके पर अपने संबोधन में नागरिकों से आह्वान किया कि वे भारत के गौरवपूर्ण अतीत और समृद्ध सांस्कृतिक परम्पराओं के अनुरूप निरंतर कर्म पथ पर चलते हुए मध्यप्रदेश को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। राज्यपाल ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हम भारत के लोग संविधान में अंतर्निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता, एकता, अखंडता और बंधुता के मार्ग पर चलते हुए निरंतर प्रगति-पथ पर अग्रसर हैं। सरकार का लक्ष्य बिल्कुल स्पष्ट है। पहला सभी वर्गों, क्षेत्रों का उत्थान और सशक्तिकरण, दूसरा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पक्ति के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना तीसरा, प्रदेश के चहुँमुखी विकास के लिए भौतिक अधोसंरचना को अधिक से अधिक सुदृढ़ बनाना। इसके अलावा सबके लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, निवेश और रोज़गार एवं स्व-रोज़गार को प्राथमिकता देना। सरकार के कामकाज में हर स्तर पर सुशासन सुनिश्चित करना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संकल्प-पत्र में दी गई गारंटियों को पूरा कर मध्यप्रदेश को देश का सबसे अग्रणी राज्य बनाना है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने उज्जैन में आयोजित समारोह में कहा कि सरकार कड़े फैसले लेने में जरा भी देर नहीं करेगी और लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में प्रदेश देश भर में तीसरे पायदान पर है। डॉ यादव ने राज्य सरकार की प्रमुख उपलब्धियों का वर्णन भी किया और कहा कि सरकार ने श्रीराम वन गमन पथ के सभी प्रमुख स्‍थलों का विकास करते हुए चित्रकूट को विश्व-स्तरीय धार्मिक एवं पर्यटन स्थल का स्‍वरूप प्रदान करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार ओरछा के श्रीराम राजा परिसर में श्रीराम राजा लोक के विकास का पुनीत कार्य कर रही है। मुख्‍यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के माध्‍यम से प्रदेश के वरिष्‍ठ नागरिकों को हवाई मार्ग एवं रेल मार्ग से भगवान श्रीराम के पावन दर्शन हेतु अयोध्‍या की यात्रा कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत-संकल्‍प यात्रा’ वर्ष-2047 तक भारत को विकसित देशों की श्रेणी में लाने की श्री मोदी की गारण्‍टी का प्रतीक बनकर उभरी है। यात्रा के दौरान मध्‍यप्रदेश में 50 लाख से भी अधिक लोगों को लाभान्वित किया गया है। दो करोड़ से अधिक ना‍गरिकों का उमंग और उल्‍लास के साथ शामिल होना यह सिद्ध करता है कि “एमपी के मन में मोदी हैं और मोदी के मन में एमपी है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश की नई “डबल इंजन” सरकार ने आज 26 जनवरी को अपने गठन के 45 दिन पूरे कर लिए हैं। इसके अलावा यहां राजभवन, विधानसभा भवन और मुख्यमंत्री निवास पर भी तिरंगा फहराया गया। विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रदेश स्तरीय कार्यालय पर गणतंत्र दिवस आयोजन किए गए। प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने झंडावदन कर ध्वज फहराया। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद भी मौजूद थे। श्री शर्मा ने सभी प्रदेशवासियों और पद्म सम्मानों से सम्मानित नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में तिरंगा फहराया। उन्होंने झंडावंदन कर अपने संदेश में कहा कि हम सभी मिलकर देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने का संकल्प लेते हैं। अन्य राजनैतिक दलों के कार्यालयों में भी तिरंगा फहराया गया। इसके अलावा केंद्र और राज्य सरकार के उपक्रमों और विभागों में भी गणतंत्र दिवस गरिमामय तरीके से मनाया गया। भोपाल रेल मंडल का मुख्य कार्यक्रम यहां हबीबगंज रेलवे कॉलोनी स्थित खेल मैदान में आयोजित किया गया, जहां मंडल रेल प्रबंधक देवाशीष त्रिपाठी ने तिरंगा फहराया और रेल सुरक्षा बल की आकर्षक परेड का निरीक्षण किया। श्री त्रिपाठी ने पश्चिम मध्य रेल के महाप्रबंधक के संदेश का वाचन किया। राज्य के इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, सागर, रीवा, शहडोल, खंडवा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, दमोह और अन्य जिलों से भी गणतंत्र दिवस समारोहपूर्वक मनाए जाने की सूचनाएं यहां पर पहुंची हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^