महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान जैसे पांच और प्रतिष्ठान बनाये जायेंगे-प्रधान
04-May-2022 09:35 PM 1608
उज्जैन, 4 मई (AGENCY) केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान जैसे देश में पांच और प्रतिष्ठान बनाये जायेंगे। संस्थान में पढ़ने वाले वैदिक छात्रों को बोर्ड परीक्षा से प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराये जायेंगे। श्री प्रधान ने आज यहां चिन्तामन गणेश रोड स्थित महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान परिसर में नवनिर्मित यज्ञशाला, ऑडिटोरियम, कम्प्यूटर लेब तथा स्मार्ट कक्षा के भवनों का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि वेदों का देश में व्यापक प्रचार-प्रसार हो, इसका भी प्रयास किया जा रहा है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में विभिन्न विषयों के साथ-साथ वेद का पठन-पाठन भी होगा। इस प्रकार की व्यवस्था राष्ट्रीय शिक्षा नीति में की गई है। वेद के ज्ञान को आगे बढ़ाया जायेगा। श्री प्रधान ने कहा कि कई वर्षों के बाद राष्ट्रीय नई शिक्षा नीति 2020 बनाई गई है। हमारे वेद कालजयी हैं। उन्होंने कहा कि भारत के वेद विद्यार्थी उज्जैन के महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान में एक वार्षिक सम्मेलन आयोजित कर चिन्तन-मनन करें। इस हेतु भारत सरकार आर्थिक बजट उपलब्ध करायेगा। संस्थान परिसर में आधुनिक परिसर बनाये जाने का प्रयास किया जायेगा। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने मध्यप्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.मोहन यादव से कहा है कि परिसर को और व्यापक बढ़ाने के लिये भूमि उपलब्ध कराई जाये। वे इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री से भी चर्चा की जायेगी। वेदशाला में वेदों के अध्ययन के लिये बटुकों के अलावा बेटियों को भी वेद को पढ़ाया जाये।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^