महिला सशिक्तकरण के बिना भारत शक्तिशाली नहीं बन सकता : शिवराज
15-May-2022 11:27 PM 4436
सीहोर, 15 मई (AGENCY) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के तीसरे दिन अलग-अलग सत्रों में अलग-अलग विषयों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। समापन सत्र से पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने प्रशिक्षण वर्ग में ‘नए भारत का विचार : केंद्र सरकार की उपलब्धियां’ विषय पर अपने विचार दिए। समापन सत्र को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन ने भी सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती अहिल्या देवी की कर्मभूमि, रानी दुर्गावती, वीरांगना अवंति बाई, रानी कमलापति, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, राजमाता विजयाराजे सिंधिया जैसी महान नायिकाओं की धरती रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने हमेशा से महिला नेतृत्व को वरीयता दी है। महिला सशक्तिकरण के बिना भारत शक्तिशाली राष्ट्र कभी नहीं बन सकता। श्री चौहान ने कहा कि पार्टी का एजेंडा कभी वोट बैंक का नहीं समाज के सर्वांगीण विकास का रहा है। उन्होंने कहा कि जब 2003 में भाजपा की सरकार आई और 2005 में पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया तो सबसे पहले उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना शुरू की। आज मध्यप्रदेश में 43 लाख बेटियां लाडली लक्ष्मी बन चुकी हैं। मध्यप्रदेश में एक हजार बेटों पर 956 बेटियां हैं और इसे एक हजार पर लाने का लक्ष्य है। केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति इरानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने सदैव ही समाज में अहम भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा 50 प्रतिशत की आबादी को मुख्य धारा में लाने के लिए उज्जवला योजना, आयुष्मान योजना, नलजल योजना, मुद्रा योजना जैसी विभिन्न जनहितैषी योजनाएं चलाकर उनका सशक्त करने का काम किया है। पार्टी के राष्ट्रीय सहसंगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश ने कहा कि हमारी प्राचीन संस्कृति में महिलाओं का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। यहां तक की वेदों में मंत्रों का निर्माण भी कई स्थानों पर महिलाओं ने किया है। पार्टी के प्रदेश संगठन प्रभारी श्री राव ने कहा कि आज देश में पंचायत से लेकर सर्वोच्च पदों तक महिलाएं प्रतिनिधित्व कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी का महिला मोर्चा सरकार की योजनाओं और संगठन के विचारों के साथ जनता के बीच में सेतु का कार्य करता है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^