महिलाएं एकजुट होकर बदलें यूपी की राजनीति: प्रियंका
29-Dec-2021 10:26 PM 1655
फिरोजाबाद 29 दिसंबर (AGENCY) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के चुनावी अभियान को धार देते हुये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को कहा कि प्रदेश की महिलाएं एकजुट होकर राजनीति को बदलने की कोशिश करें। ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’, शक्ति संवाद कार्यक्रम में प्रियंका ने कहा “ आजकल की जो राजनीति चल रही है कि वचन दिया और रखा नहीं, धर्म के आधार पर राजनीति कर ली, जाति के आधार पर वोट मांग लिया उसके बाद आपके लिए कोई काम नहीं किया, इसीलिए मैं चाहती हूँ कि महिलाएं समझें कि किस तरह की राजनीति हो रही है। और उसे बदलने के लिए शक्ति आप सब में है, इसीलिए हमने जो घोषणा पत्र बनाया है, उसमें मोबाइल और स्कूटी सिर्फ माध्यम हैं, महिलाओं को सुरक्षित रखने और सशक्त बनाने के लिए। हमने बहुत सी घोषणाएं की हैं, जिनको पूरा करने का हम वचन दे रहे हैं। हमारा एक गारंटी कार्ड भी है, जो घर-घर तक पहुँचाया जाएगा।” उन्होने कहा “ महिलाओं को हम पर भरोसा करना पड़ेगा। यह महिलाओं का हक़ है कि सरकार उनके लिए रोजगार सुनिश्चित करने के लिए काम करे। खेलों में महिलाओं में बहुत क्षमता है, उन्हें सारी सुविधाएं मिलें तो वह बहुत अच्छा कर सकती हैं। हम एक पूरा विधान निकालने वाले हैं, जिसमें भर्तियां निकालने, रोजगार देने का अपना रोडमैप बताएँगे। उत्तर प्रदेश में काफी रिक्तियां हैं, जो भरी नहीं गई हैं। विधानसभा चुनाव में चालीस फीसद महिलाओं को टिकट देना हमारी बड़ी पहल है।” कांग्रेस महासचिव ने कहा “ जबसे हमने लड़कियों का मुद्दा उठाया तब से दूसरी पार्टियां भी जाग गई हैं कि आधी आबादी महिलाएं हैं। अचानक अब मोदी जी ने पहली बार सिर्फ महिलाओं की रैली की, अखिलेश जी ने महिलाओं के लिए घोषणाएं की। यह क्यों हो रहा है क्योंकि लोग समझने लगे हैं कि महिलाओं की एक बहुत बड़ी शक्ति है, जिसको नकारा नहीं जा सकता है। अगर हम उत्तर प्रदेश में क्रांति लाएंगे, तो मैं दावा कर सकती हूँ कि संसद भवन में भी लोग इसे नकार नहीं पाएंगे। ” उन्होने कहा कि कांग्रेस ने घोषणा की है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दस हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा, साथ ही प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। महिलाओं को उनका हक़ नहीं दिया जा रहा है। सरकार की विचारधारा और मानसिकता यही है कि एक गैस सिलेंडर पकड़ा दिया और जिम्मेदारी ख़त्म। आप सशक्त कैसे होंगी, आपकी शिक्षा कैसे होगी, आप के लिए रोजगार कैसे मिलेगा, यह सब नहीं पूछा। वो सोचते हैं कि सिर्फ एक गैस सिलेंडर देने से आप उन्हें वोट दे देंगी। प्रियंका ने कहा कि अनेक बेटियां, महिलाएं संघर्ष कर रही हैं पर उन्हें पहचानने वाला कोई नहीं है। इसीलिए वह कहती हूँ, कि महिलाओं में शक्ति है, उसे पहचानिए, आपके लिए लड़ने कोई नहीं आ रहा है, आप खुद लड़ेंगी। कांग्रेस महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करना चाहते हैं। अगर महिलाएं एकजुट हो जाएं, इकट्ठी हो जायें तो देश की, उत्तर प्रदेश की राजनीति बदल सकती हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^