मैक्रों 11 सितंबर को बंगलादेश के दौरे पर
30-Aug-2023 11:47 PM 8575
ढाका 10 अगस्त (संवाददाता) फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों भारत की राजधानी नयी दिल्ली में आयोजित होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन के बाद 11 सितंबर को ढाका पहुंचेंगे। तीन दशक बाद फ्रांस के किसी राष्ट्रपति का बंगलादेश का यह पहला दौरा होगा। इससे पहले 1990 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रांसकोइस मिट्टरलैंड बंगलादेश के दौरे पर आए थे। बंगालादेश और फ्रांस के सूत्रों ने बुधवार को श्री मैक्रों के बंगलादेश दौरे की पुष्टि की। श्री मैक्रों के दौरे की योजना बनाने वाले एक सूत्र ने बताया कि श्री मैक्रों बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के निमंत्रण पर बंगलादेश जा रहे हैं। वह सुश्री हसीना के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। बंगलादेश के दौरे के दौरान श्री मैक्रों धनमोंडी में रोड नंबर 32 प्रस्थित बंगबंधु स्मारक संग्रहालय में बंगलादेश के राष्ट्रपिता शेख मुजिबुर रहमान को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि सुश्री हसीना नवम्बर 2021 में फ्रांस के दौरे पर गयी थीं और उसी समय उन्होंने श्री मैक्रों को बंगलादेश आने का निमंत्रण दिया था। सुश्री हसीना के फ्रांस दौरे के दौरान दोनों देशों ने रक्षा सहयोग को लेकर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया था।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^