मैक्रों गुरुवार को करेंगे तूफान प्रभावित मायोट का दौरा
18-Dec-2024 10:42 AM 4246
पेरिस, 18 दिसंबर (संवाददाता) फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गुरुवार को चक्रवाती तूफान ‘चिडो’ से प्रभावित मायोट द्वीपसमूह का दौरा करेंगे। बीएफएम टीवी प्रसारक ने राष्ट्रपति कार्यालय ‘एलीसी पैलेस’ के हवाले से यह रिपोर्ट दी है। नवीनतम आंकड़ों से संकेत मिलते हैं कि मायोट में आए चक्रवात चिडो ने कम से कम 22 लोगों की जान ले ली है और 1373 लोग घायल हुए हैं। श्री मैक्रों ने सोमवार को मायोग का दौरा करने की अपनी मंशा की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह इस त्रासदी के संबंध में राष्ट्रीय दौरे पर जाएंगे। मायोट के प्रीफेक्ट फ्रांसुआ-जेवियर बियुविले ने सोमवार को कहा कि हिंद महासागर में फ्रांसीसी द्वीपसमूह पर चक्रवात चिडो के आने से लगभग 1,000 लोगों के मरने की आशंका है। प्रीफेक्ट ने कहा कि इस समय पीड़ितों की सटीक संख्या का पता लगाना ‘बेहद मुश्किल’ है। स्थानीय अधिकारियों ने मंगलवार को स्थानीय समयानुसार रात 10:00 बजे से तड़के 4:00 बजे तक कर्फ्यू लागू कर दिया। फ्रांस की मौसम सेवा ने बाद में बताया कि यह चक्रवात 90 वर्षों में द्वीप पर आने वाला सबसे भयंकर तूफान था। चक्रवात के दौरान 124 मील प्रति घंटे से अधिक की गति से हवा चल रही थी। शक्तिशाली चक्रवात ने कोमोरोस, मेडागास्कर और मोजाम्बिक के द्वीपों को भी प्रभावित किया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^