मंहगाई हटाओ रैली को अब तक की सर्वाधिक सफल रैली बनाने में जुट जायें-डोटासरा
08-Dec-2021 11:39 PM 6959
जयपुर 08 दिसम्बर (AGENCY) राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि प्रदेश की राजधानी जयपुर में 12 दिसम्बर को आयोजित होने वाली अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की मंहगाई हटाओ रैली को अब तक की सर्वाधिक सफल रैली बनाने हेतु जुट जायें। श्री डोटासरा आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पीसीसी सदस्य, एआईसीसी के सदस्य, सभी विभागों एवं प्रकोष्ठों के निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष.संयोजक तथा राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा समन्वय हेतु नियुक्त सह-पर्यवेक्षकों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अपने कार्यकर्ताओं के समर्पण एवं कार्य के आधार पर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य करती है, जिसका सबसे प्रबल उदाहरण वे स्वयं हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों एवं प्रकोष्ठों के निवर्तमान पदाधिकारीगण ब्लॉक स्तर के कार्यकर्ताओं की सूची बनाकर प्रभारी मंत्रीगण एवं प्रभारी पदाधिकारीगण को सौंपे तथा जिस भी साधन की आवश्यकता है उसकी जानकारी प्रदान कर रैली में अधिक से अधिक लोगों की उपस्थित और भागीदारी सुनश्चित करें। बैठक को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अजय माकन ने सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश में जयपुर में आयोजित होने वाली मंहगाई हटाओ रैली की चर्चा के साथ चलो जयपुर का नारा गूंज रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के बाहर पहली बार आयोजित हो रही राष्ट्रीय रैली के आयोजन की जिम्मेदारी राजस्थान को मिलना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि रैली को आयोजित करने हेतु पंजाब, छत्तीसगढ़ के अलावा कई राज्यों से प्रस्ताव आये थे, किन्तु कांग्रेस आलाकमान द्वारा एक विश्वास के आधार पर राजस्थान का चयन किया गया जो कि गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सभी विभागों व प्रकोष्ठों के निवर्तमान पदाधिकारी राजस्थान की जनता की नुमाईन्दगी करते हैं तथा सभी आम जनता से सीधे जुड़ाव रखते हैं और रैली को सफल बनाने हेतु इनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। बैठक में रैली के सफल आयोजन हेतु कार्यकर्ताओं, नेताओं तथा आयोजन समिति के मध्य समन्वय स्थापित करने हेतु अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में जिलावार पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये हैं तथा राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^