28-Aug-2022 10:20 PM
5566
मथुरा, 28 अगस्त (संवाददाता) उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि राज्य की मौजूदा सरकार विकास कम करती है, विकास के कार्य को रोकने में ज्यादा यकीन करती है।
अखिलेश ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि सपा सरकार में विकास को जो गति दी गई थी उसे वर्तमान सरकार ने रोक दिया है। अपनी बात को और स्पष्ट करते हुए उन्होंन कहा कि लखनऊ में गोमती रिवर फ्रन्ट के बाद वृन्दावन के लिए यमुना पर रिवर फ्रन्ट बनाने का उन्होंने इसलिए आदेश दिया था कि यहां पर विश्व के तमाम लोग आते हैं। रिवर फ्रन्ट बनने का सबसे अधिक लाभ यह होता कि जहां यहां आने वाले लोगों को घूमने का एक स्थान मिल जाता, वहीं यमुना साफ बहती क्योंकि इस योजना में यमुना के समानान्तर नाले बनाने की योजना थी।
सपा मुखिया ने कहा कि उनकी सरकार गोवर्धन परिक्रमा के विकास का जो काम कराना चाहती थी, वह अभी तक पूरा नही हुआ। बरसाने में रोप वे बनाने के लिए उन्होंने आदेश दिया था। जो अभी तक पूरा नहीं हुआ। अक्षय पात्र के रसोई का भोजन खाने और उसे बेहतर पाने के कारण विभिन्न जिलों में अक्षय पात्र की रसोई बनाने का उन्होंने आदेश दिया था, जिससे सरकारी स्कूल के बच्चों को अच्छा और साफ सुथरा खाना मिलता, किंतु उस कार्य को भी इस सरकार ने रोक दिया।
अखिलेश ने हाल ही में जन्माष्टमी के पर्व पर बांकेबिहारी मन्दिर में हुई दुर्घटना का ठीकरा योगी सरकार पर थोपते हुए कहा कि उस दिन मुख्यमंत्री स्वयं इस मंदिर में आये थे। इस वजह से लोगों ने समझा यहां पर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होगी। उन्होंने इसके लिए जहां लचर प्रशासनिक व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया, वहीं इस घटना के मृतकों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने इसे सरकार की नाकामी बताया और कहा कि जन्माष्टमी पर बांकेबिहारी मन्दिर में इस प्रकार की घटना न तो उनके कार्यकाल में हुई और ना ही उसके पूर्व में हुई।
बांकेबिहारी कॉरीडोर निर्माण के औचित्य पर उन्होंने कहा कि यदि यह बनाया जाता है तो जनता की सहमति से बनाया जाना चाहिए। किसी को उजाड़ कर कॉरीडोर नहीं बनाया जाना चाहिए। उनका दावा था कि उनके कार्यकाल में जो परियोजनाएं क्रियान्वित की गईं उनमेें किसी को उजाड़ा नहीं गया। इससे पहले उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से बात की और बांकेबिहारी मन्दिर में दर्शन पूजन कर प्रदेश की जनता के कल्याण की कामना की। उनके साथ सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता पूर्व विधायक संजय लाठर तथा सपा के जिला पदाधिकारी भी मौजूद थे।...////...