मेडागास्कर में पहली बार पढ़ाई जा रही हिंदी
23-Jun-2022 09:48 PM 7836
अंतानानारिवो 23 जून (AGENCY) अफ्रीकी द्वीपीय देश मेडागास्कर में भारतीय दूतावास ने भाषा प्रेमियों और स्थानीय मालागासी नागरिकों की बढ़ती रुचि को ध्यान में रखते हुए आज से हिंदी भाषा की निःशुल्क कक्षाएं शुरू की है। भारतीय राजदूत अभय कुमार ने कहा, "मेडागास्कर में पहली बार हिंदी की पढ़ाई शुरू किया जाना वास्तव में एक ऐतिहासिक दिन है। इसे मिली प्रतिक्रिया से मैं खुश हूं। पाठ्यक्रम की घोषणा के कुछ ही दिनों के भीतर 100 से अधिक छात्रों और पेशेवरों ने हिंदी सीखने में रुचि व्यक्त की है। यह वास्तव में उत्साहजनक और हृदयस्पर्शी है।" हिंदी की कक्षाएं सोमवार से शुक्रवार तक दो स्लॉट दोपहर दो बजे से तीन बजे तक और तीन से चार बजे तक आयोजित की जाएंगी। कक्षाओं का संचालन नवनियुक्त हिन्दी शिक्षिका मनीषा पांडेय द्वारा किया जायेगा। सभी उम्र के लोगों को कक्षाओं में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाता है। श्री कुमार ने कहा कि हिंदी दुनिया की सबसे लोकप्रिय भाषाओं में से एक है। भारतीय प्रभाव बढ़ने के साथ ही विभिन्न देशों के लोगों में हिंदी सीखने की रुचि भी बढ़ रही है। प्रौद्योगिकी के विकास के साथ हिंदी सीखना अधिक सुलभ और किफायती हो गया है। पहली बार हिंदी भाषा सीखने में स्थानीय मालागासी नागरिकों द्वारा प्रदर्शित रुचि और उत्सुकता को ध्यान में रखते हुए सीखने की प्रक्रिया में हिंदी फिल्मों को भी शामिल किया जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^