मोदी बने दुनिया में शांति के ‘आइकॉन’: नकवी
11-Mar-2022 08:19 PM 6298
गुवाहाटी 11 मार्च (AGENCY) केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शुक्रवार को यहाँ कहा कि "पी डब्ल्यू डी" (पुअर, विमेन, डाउनट्रॉडेन) सशक्तीकरण के "मोदी मंत्र" ने "कम्युनल, कास्टिस्ट, करप्शन के कंसोर्टियम" को ध्वस्त किया है। श्री नकवी ने असम के गुवाहाटी "हुनर हाट" में पत्रकारों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हिंदुस्तान के वंचितों-गरीबों के सशक्तीकरण के साथ दुनिया में शांति के “आइकॉन” बन गए हैं। "हुनर हाट" का उद्घाटन असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा करेंगें। उन्होंने कहा कि जहाँ भारतीय समाज श्री मोदी को विकास के विश्वास का प्रतीक मानता है, वहीँ पूरी दुनिया उनके नेतृत्व को विश्व शांति का सार्थक सम्बल मानती है। संकट के समय श्री मोदी ने संकटमोचक की भूमिका निभाई है। पहले कोरोना के खिलाफ लड़ाई में और अब यूक्रेन संकट के समय। श्री नकवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, मणिपुर एवं अन्य राज्यों में भाजपा की जबरदस्त जीत, प्रधानमंत्री श्री मोदी के "समावेशी विकास, सर्वस्पर्शी सशक्तीकरण" के संकल्प पर देश के लोगों के अटूट विश्वास का पुख्ता प्रमाण है। श्री मोदी ने दकियानूसी जातिवादी, सांप्रदायिक राजनीति को विकास की राष्ट्रनीति से ध्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि मणिपुर में भाजपा की ऐतिहासिक जीत, प्रधानमंत्री द्वारा विकास को विश्वास की डोर से जोड़कर दशकों से उपेक्षित पूर्वोत्तर क्षेत्र को "प्रोग्रेस, प्रोस्पेरिटी का प्रायोरिटी पार्टनर" बनाये जाने का नतीजा है। श्री नकवी ने कहा कि मोदी सरकार की "एक्ट ईस्ट पॉलिसी" से असम सहित उत्तर पूर्वी क्षेत्र के सभी राज्यों का सशक्तीकरण सुनिश्चित हुआ है। प्रधानमंत्री ने 2014 में ही संकल्प लिया था कि पूर्वोत्तर राज्यों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ेंगे। पिछले लगभग आठ वर्षों में पूर्वोत्तर के राज्यों में विकास के युद्धस्तर पर काम हुए हैं, जहाँ 2014-15 में उत्तर पूर्वी क्षेत्र के आठ राज्यों के विकास के लिए 36 हजार करोड़ का बजट दिया गया था वहीं 2022-23 के बजट में 76 हजार करोड़ रूपए पूर्वोत्तर के विकास के लिए दिए गए हैं। पिछले लगभग आठ वर्षों में पूर्वोत्तर राज्यों में इंफ्रास्ट्रक्चर का जबरदस्त विकास हुआ है। मोदी सरकार में नार्थ ईस्ट रीजन में रेलवे के विस्तार के लिए 39 हजार करोड़ रूपए खर्च किये गए हैं। लगभग 49 हजार करोड़ रूपए की लागत से 13 हजार 700 किलोमीटर नेशनल हाइवे का निर्माण हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लगभग 85 हजार 600 करोड़ रूपए के सड़क निर्माण के प्रोजेक्ट नार्थ ईस्ट के राज्यों में चल रहे हैं और अगले दो वर्षों में 80 हजार करोड़ रूपए के अन्य सड़क निर्माण के प्रोजेक्ट प्रस्तावित हैं। इसके अलावा पर्यटन, नागरिक उड्डयन, कृषि, बागवानी क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विकास हुआ है। "आत्मनिर्भर हस्तशिल्पकार योजना" के जरिये नार्थ ईस्ट रीजन की दस्तकारी, शिल्पकारी की परंपरागत, पुश्तैनी विरासत को मौका-मार्किट मुहैया कराया गया है। केंद्र सरकार द्वारा नार्थ ईस्ट के राज्यों को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में 900 करोड़ रूपए से अधिक की मदद की गई जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार हुआ है। श्री नकवी ने कहा कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा वेटरेनरी कॉलेज ग्राउंड, खानापारा, जीएस रोड, गुवाहाटी में 11 से 20 मार्च तक आयोजित 38वें "हुनर हाट" में 28 से अधिक राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से 600 से अधिक दस्तकार, शिल्पकार और कारीगर शामिल हुए हैं। यह पहली बार है जब "क्राफ्ट, कुज़िन और संस्कृति का संगम" "हुनर हाट" का आयोजन देश के उत्तर पूर्वी राज्य में किया जा रहा है। गुवाहाटी में आयोजित "हुनर हाट" में 300 स्टाल लगाए गए हैं जहाँ असम सहित देश के कोने-कोने के स्वदेशी दुर्लभ हस्तनिर्मित उत्पादनों के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के लजीज़ परंपरागत पकवान भी उपलब्ध हैं। इनमें बड़ी संख्या में स्टाॅल महिला दस्तकारों और कारीगरों के हैं। इसके अलावा "मेरा गांव मेरा देश", "विश्वकर्मा वाटिका", सर्कस, देश के मशहूर कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेल्फी पॉइंट्स आदि यहाँ आने वाले लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^