मोदी ने भारतीय सिनेमा को विश्व-स्तर पर पहचान दिलाने वाले सितारों को किया याद
29-Dec-2024 03:14 PM 1885
नयी दिल्ली, 29 दिसंबर (संवाददाता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनोरंजन जगत के चमकते सितारे राज कपूर, मोहम्मद रफी, तपन सिन्हा और अक्किनेनी नागेश्वर राव गारू को याद करते हुए कहा कि इन विभूतियों ने भारतीय सिनेमा को विश्व-स्तर पर पहचान दिलाई।श्री मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 117वीं कड़ी के संबोधन में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।श्री मोदी ने कहा,“वर्ष 2024 में हम फिल्म जगत की कई महान हस्तियों की 100वीं जयंती मना रहे हैं। इन विभूतियों ने भारतीय सिनेमा को विश्व-स्तर पर पहचान दिलाई। राज कपूर जी ने फिल्मों के माध्यम से दुनिया को भारत की ‘सॉफ्ट पावर’ से परिचित कराया। रफ़ी साहब की आवाज में वो जादू था जो हर दिल को छू लेता था। उनकी आवाज अद्भुत थी। भक्ति गीत हों या रोमांटिक गीत, दर्द भरे गाने हों, हर इमोशन को उन्होंने अपनी आवाज से जीवंत कर दिया।”उन्होंने आगे कहा,“एक कलाकार के रूप में उनकी महानता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आज भी युवा-पीढ़ी उनके गानों को उतनी ही शिद्दत से सुनती है - यही तो है 'टाइमलेस आर्ट' की पहचान।”प्रधानमंत्री ने कहा कि अक्किनेनी नागेश्वर राव गारू ने तेलुगु सिनेमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उनकी फिल्मों ने भारतीय परंपराओं और मूल्यों को बखूबी प्रस्तुत किया। तपन सिन्हा जी की फिल्मों ने समाज को एक नई दृष्टि दी। उनकी फिल्मों में सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का संदेश रहता था। हमारी पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए इन हस्तियों का जीवन प्रेरणा जैसा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^