मोदी ने राजनीतिक दलों को बदलने के लिए किया मजबूर-भजनलाल
10-May-2024 06:47 PM 6431
पुणे, 10 मई (संवाददाता) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में देश में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है और उन्होंने राजनीतिक दलों को बदलने के लिए मजबूर कर दिया है। श्री शर्मा शुक्रवार को पुणे में प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले कांग्रेस सरकार के समय देश में भ्रष्टाचार और घोटालों की इबारतें लिखी जाती थी। उस समय नस्लवाद और आतंकवाद का बोलबाला था लेकिन मोदीजी के प्रधानमंत्री बनने के बाद केवल एक बार ही ऐसा दुस्साहस हुआ जिसका भी मुंह तोड़ जवाब दिया गया। उन्होंने कहा कि मारवाड़ियों के मूल स्वभाव में समाज सेवा और राष्ट्रहित निहित है। मारवाड़ी राष्ट्रहित की नींव से जुड़े होते हैं और देश इनके लिए सर्वोपरि होता है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में भारत को आगे ले जाने के लिए वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। श्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तीसरे स्थान की ओर अग्रसर है। श्री मोदी के नेतृत्व एवं समर्पण से भारत विश्व का सिरमौर बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां एक तरफ गरीबी हटाने के नाम पर सिर्फ वोट मांगने वाले लोग हैं वहीं दूसरी तरफ गरीब कल्याण से लेकर देश के विकास, सीमाओं की सुरक्षा एवं दुनिया में देश के गौरव को बढ़ाने वाले मोदीजी हैं। श्री मोदी ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर लाने का अभूतपूर्व काम किया है। इस दौरान उन्होंने पुणे लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मुरलीधर मोहोल के समर्थन में अधिक से अधिक मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील भी की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^