27-May-2022 09:20 PM
4325
कोटा, 27 मई (AGENCY) राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केन्द्र की मोदी सरकार पर चुनाव पूर्व जनता से किया एक भी वादा पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह राष्ट्रवाद का नारा देती है लेकिन न तो किसानों की आय दुगुनी की और न ही युवाओं को रोजगार दिया जबकि कांग्रेस की गहलोत सरकार ने गत सवा तीन वर्ष में जनकल्याण के लिए एक से बढक़र एक काम किए, जिनका भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है।
श्री डोटासरा ने आज यहां जिला कांग्रेस कमेटी कोटा शहर द्वारा आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारम्भ करने के बाद शिविर को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा की वर्तमान केन्द्र सरकार जो लोगों से झूठे वादे कर तथा जनता को गुमराह कर वर्ष 2014 में सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री
नरेन्द्र मोदी ने चुनाव पूर्व जो वादे किये थे उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सत्तर साल का हिसाब मांगने वाले स्वयं के शासन के पांच साल का हिसाब नहीं दे सके, किन्तु सेना के शौर्य के पीछे छिपकर पुन: सत्ता में आ गये।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी सरकार उन संवैधानिक संस्थाओं को जिन्हें जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस सरकारों ने स्थापित किया था, को कमजोर करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के अथक परिश्रम एवं मेहनत से देश में मजबूत लोकतंत्र स्थापित हुआ है किन्तु भाजपा की केन्द्र सरकार लोकतंत्र को कमजोर करने के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में ईडी, सीबीआई, आईटी के माध्यम से विपक्षी दलों
एवं विरोधी नेताओं को डराने का कार्य किया जाता है तथा चुनी हुई सरकारों को गिराने का कार्य भाजपा की राजनीति का हिस्सा बन गया है। श्री डोटासरा ने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य से भाजपा के सांसद मिलकर राजस्थान के लिये एक योजना नहीं ला सके तथा केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश की जनता के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
उन्होंने भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर धर्म के नाम पर विभाजन करने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अभी कुछ दिन पहले श्री मोदी भाजपा कार्यकर्ताओ को विकास की बात करने की नसीहत दे रहे थे जबकि आठ साल से भाजपा एवं श्री मोदी ने विकास के मुद्दे पर कभी बात नहीं की। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में राजनीतिक दलों, विपक्षी नेताओं एवं मीडियाकर्मियों की निजता का हनन कर जासूसी कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि इन सब तथ्यों को जनता के बीच जाकर उजागर करने का कर्तव्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने कहा कि आरएसएस के लोग मीठा बोलते हैं किन्तु समाज में जहर घोलने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग भाई से भाई को लड़ाकर सामाजिक समरसता को बिगाडऩे का कार्य कर रहे हैं
उन्होंने कहा कि पिछले सवा तीन वर्ष से राजस्थान में कांग्रेस की राज्य सरकार ने जनकल्याण के लिए एक से बढक़र एक फ्लैगशिप योजनायें बनाई हैं तथा जनकल्याण के लिए शानदार बजट प्रस्तुत किये हैं जिनका भाजपा के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के लोककल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रदान करने के लिए गांव-गांव, ढाणी-ढाणी जाकर आमजन से सम्पर्क कर केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा जनता से की गई वादाखिलाफी को उजागर करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस संकल्प के साथ जनता के बीच जायें कि वर्ष 2023 में राजस्थान में पुन: कांग्रेस की सरकार स्थापित हो तथा वर्ष 2024 में केन्द्र से मोदी सरकार का सफाया कर पार्टी नेता राहुल गॉंधी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बने।...////...