मुरैना विकसित शहर बने यही हमारा संकल्प: शिवराज
10-Jul-2022 11:05 PM 8060
मुरैना, 10 जुलाई (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मुरैना सुंदर,स्वच्छ ,सुरक्षित और विकसित शहर बने यही हमारा संकल्प है। श्री चौहान आज यहां नगर पालिक निगम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महापौर पद की प्रत्याशी मीना जाटव और 47 वार्डों में पार्षद पद के लिये चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के लिये समर्थन मांगने के लिये एक जन सभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भी भाजपा की महापौर पद की प्रत्याशी एवं पार्षदों के लिये भी जनता से समर्थन मांगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुरैना विकसित शहर बने, यही हमारा संकल्प है। हम मुरैना के विकास के लिए संकल्पित हैं। मेरे खजाने में पैसे की कमी नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ पैसे की कमी का रोना रोते रहते थे, बोलते थे ‘मामा खजाना खाली कर गया’। मेरे पास विकास के लिए पैसों की कमी नहीं रहेगी। विकास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। कांग्रेस का विकास से कोई लेना-देना नहीं है। श्री कमलनाथ ने तो अपना वोट ही नहीं दिया। जो व्यक्ति खुद अपनी पार्टी को वोट ना दे, वह क्या विकास करेगा। श्री चौहान ने कहा कि मुरैना में भाजपा के पार्षद प्रत्याशी घर-घर जाएं और सूची बनाएं कि किन किन परिवारों को मुफ्त राशन नहीं मिल रहा है। अन्य योजनाओं की भी जानकारी लें और सूची बनाकर दें, जिससे इन परिवारों को लाभ दिया जा सके। उन्होंने कहा कि संबल योजना में हम गर्भवती महिलाओं को 16 हजार रुपए देते थे कि वह आराम कर सकें और लड्डू भी खा सकें, लेकिन कांग्रेस सरकार में आते ही मेरी बहनों के हाथ से लड्डू के पैसे भी छीनने का पाप किया। नई अवैध कॉलोनियों को हम मध्यप्रदेश की धरती पर नहीं बनने देंगे, लेकिन पुरानी अवैध कॉलोनियों को वैध करके उनका संपूर्ण विकास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि गरीबों के साथ हम अन्याय नहीं होने देंगे। गरीब परिवार के प्रतिभावान बच्चों की उच्च शिक्षा की फीस हमारी सरकार भर रही थी। श्री कमलनाथ ने उन बच्चों का भविष्य भी बर्बाद कर दिया। हमने फिर से यह योजना शुरू की। उच्च शिक्षा की लाखों रुपए की फीस हम भरेंगे। केंद्र की नरेंद्र मोदी की सरकार के साथ हमारी प्रदेश की भाजपा सरकार गरीब कल्याण एवं विकास कार्यों में धन की कमी कमी आड़े आने नहीं देगी। श्री चौहान ने कहा कि हम मुरैना को अत्याधुनिक सिटी बनाएंगे। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा विकास की जो धनराशि दी जाएगी, उसे मुरैना में सही तरीके से उपयोग करने की जिम्मेदारी महापौर और पार्षदों पर होगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि आप महापौर और पार्षद पद के भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाएं ओर विकास हम करेंगें।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^