मुर्मू,मोदी सहित अन्य नेताओं ने केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया
08-Jan-2023 11:54 PM 6098
नयी दिल्ली 08 जनवरी (संवाददाता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित कई अन्य नेताओं ने पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट किया, “पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल और यूपी के दिग्गज नेता केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन से हम सभी दुखी हैं। वह एक महान विधिज्ञ थे। उन्हें उनकी देश सेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनके परिवार एवं करीबी लोगों को मेरी संवेदनाएं।” प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, “केशरी नाथ त्रिपाठी को उनकी सेवा के लिए हमेशा याद किया जाएगा। वे सांविधानिक मामलों के अच्छे जानकार थे। उन्होंने यूपी में भाजपा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राज्य की प्रगति के लिए भी उन्होंने कड़ी मेहनत की। उनके निधन से आहत हूं। उनके परिवार और प्रशंसकों को मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।” गृहमंत्री अतिम शाह ने ट्वीटर पर लिखा, “भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व राज्यपाल पं केशरी नाथ त्रिपाठी जी के निधन की सूचना से दुखी हूँ। उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठन को जमीन पर मजबूत करने और गरीब व वंचित वर्ग के कल्याण के प्रति वें जीवन भर समर्पित रहे। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे। ॐ शांति” उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, “देश-प्रदेश की राजनीति के मर्मज्ञ आदरणीय पंडित केशरी नाथ त्रिपाठी जी का निधन अपूरणीय क्षति है। प्रयागराज के हर घर से उनका गहरा रिश्ता था। बिहार, बंगाल के राज्यपाल, प्रदेश सरकार के मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के रूप में पंडित जी का कार्यकाल स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।” पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट कर कहा, “मैं पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करती हूं। वह महान व्यक्ति थे। देश के लिए उनका योगदान हम सभी के मन में रहेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को शांति मिले। ” इसके अलावा अन्य नेताओं ने श्री त्रिपाठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि लखनऊ के पीजीआई में आज सुबह पांच बजे श्री केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन हो गया था। वह पिछले कई दिनों से बीमारी चल रहे थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^