नड्डा ने आदि कैलाश के किये दर्शन, जवानों का भी बढ़ाया हौसला
18-May-2025 11:58 PM 8305
पिथौरागढ़/नैनीताल, 18 मई (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा रविवार को चीन सीमा से सटे ज्योलिकोंग पहुचे और पवित्र आदि कैलाश के दर्शन किये। उन्होंने सीमा प्रहरियों (सैनिकों) से भी मुलाकात की। इससे पहले केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री लगभग 12 बजे देहरादून से सीधे गुंजी पहुंचे और व्यास घाटी की जनता ने उनका परंपरागत ढंग से भव्य स्वागत किया। भाजपा अध्यक्ष को रं संस्कृति की प्रतीक पगड़ी पहनाई गई। श्री नड्डा आदि कैलाश की प्राकृतिक सुंदरता से अभिभूत नजर आये। उन्होंने पार्वती कुंड और आदि कैलाश के निकट विराजमान भगवान शिव की विधि विधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्व के प्रशंसा करते हुए इसे अद्वितीय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की ज्योलिकोंग यात्रा ने न केवल आदि कैलाश की आध्यात्मिक महता को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उजागर किया है बल्कि इसे एक साहसिक और आध्यात्मिक पर्यटन के रूप में नयी पहचान दिलायी है। उन्होंने कहा कि इसी के परिणामस्वरूप यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने यहां सेना के जवानों से मुलाकात कर अपने हाथों से मिठायी भी खिलाई। उन्होंने सर्वप्रथ चीन और नेपाल सीमा के प्रहरियों भारत तिब्बत सीमा (आईटीबीपी) तथा सीमा सशस्त्र बल (एसएसबी) के जवानों से मुलाकात की तथा सुरक्षा पर चर्चा की। उन्होंने अपने संबोधन में आपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए सेना की भूरि-भूरि प्रशंसा की और धन्यवाद दियाय़ उन्होंने सैनिकों के अदम्य साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरा देश वीर जवानों के त्याग और बलिदान का सम्मान करता है और उनकी कर्तव्यनिष्ठा पर गर्व करता है। मैं व्यक्तिगत और देश की जनता की ओर से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता हेतु सेना को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने जवानों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता देने का भरोसा दिलाया। साथ ही उनके साथ कुछ समय भी बिताया। इस दौरान सेना के जवानों का हौसला भी चरम पर था। केन्द्रीय मंत्री यहां से ज्योलिंकोंग पहुंचे और आदि कैलाश के दर्शन किए। श्री नड्डा रात्रि विश्राम गुंजी में सेना के गेस्ट हाउस में करेंगे। कल सुबह वापस लौट जाएंगे। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की ओर से केन्द्रीय मंत्री को वाइब्रेंट विलेज के तहत गतिमान योजनाओं और सीमा से जुड़ी जानकारी दी गई। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा औरप्रदेश के केबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा उनके साथ रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^