नीतीश को पांच सुपर मुख्यमंत्रियों के अधीन काम करना होगा : सम्राट
13-Aug-2022 11:36 PM 1554
पटना 13 अगस्त (AGENCY) बिहार के पूर्व मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने आज कहा कि महागठबंधन सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पांच सुपर मुख्यमंत्रियों के अधीन काम करना होगा। श्री चौधरी ने शनिवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में विधान परिषद के सदस्य अनिल कुमार की मौजूदगी में कहा कि श्री कुमार महागठबंधन की सरकार में सिर्फ मुख्यमंत्री ही हैं। श्री कुमार के ऊपर पांच सुपर सीएम हैं। इनमें राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, नवनियुक्त उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, राजद अध्यक्ष के बड़े पुत्र एवं विधायक तेजप्रताप यादव और राजद अध्यक्ष की बड़ी पुत्री एवं राज्यसभा सांसद मीसा भारती शामिल हैं। उन्होंने कहा कि श्री कुमार को जो अधिकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार में मिला था वह अब महागठबंधन की सरकार में नहीं मिलने वाला है। पूर्व मंत्री ने कहा कि उपमुख्यमंत्री श्री यादव ने विधानसभा चुनाव के समय 10 लाख सरकारी नौकरी देने का वादा लोगों से किया था। साथ ही उन्होंने प्रतिपक्ष के नेता के पद पर रहते हुए जनता से क्या-क्या वादा किया था यह भी प्रदेश के लोगों को याद है। अपने किये गये वादे को भी उन्हें पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 10 लाख रोजगार देने के वादे को सबसे पहले श्री यादव पूरा करें। साथ ही किसानों का जो ऋृण है, उसे माफ करें, जिसका वादा उन्होंने किया था। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार गठन के बाद मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में श्री यादव ने अपने लिए जेड प्लस सुरक्षा और बुलेटप्रूफ गाड़ी की चिंता की और इसकी व्यवस्था करवा ली। प्रदेश के लोगों की उन्हें तनिक भी चिंता नहीं है। इससे स्पष्ट हो गया कि युवाओं के लिए उनके मन में क्या चिंताएं हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^