नीतीश ने जम्मू-कश्मीर आंतकी हमले में बिहार के तीन श्रमिकों की मौत पर जताया शोक
21-Oct-2024 09:42 PM 7803
पटना 21 अक्टूबर (संवाददाता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में हुये आंतकी हमले में बिहार के तीन श्रमिकों की मौत पर आज गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। श्री कुमार ने सोमवार को अपने शोक संदेश में कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और मैं इस घटना से मर्माहत हूं। मुख्यमंत्री ने इस आतंकी हमले में तीनों मृतक के निकटतम आश्रित कोे मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की है। साथ ही श्रम संसाधन विभाग एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं से नियम के अनुसार अन्य लाभ दिलाने का अधिकारियों को निर्देश दिया है। श्री कुमार ने मृतक के परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री ने स्थानिक आयुक्त, नई दिल्ली को निर्देश दिया है कि जम्मू-कश्मीर सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीर को बिहार लाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^